img-fluid

चीन तक कैसे पहुंचे 20 हजार करोड़ के AI चिप? Nvidia के पूर्व टॉप अधिकारी जय पुरी का नाम भी विवाद में आया

November 19, 2026

नई दिल्ली। दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी Nvidia के पूर्व शीर्ष अधिकारी अजय ‘जय’ पुरी (Ajay Jai Puri) का नाम चीन (China) को करीब 2.5 अरब डॉलर (लगभग 20 हजार करोड़ रुपये) के AI चिप और सर्वर की कथित अवैध सप्लाई से जुड़े मामले में सामने आया है। यह विवाद शॉर्ट-सेलर फर्म ‘मडी वाटर्स’ की एक रिपोर्ट के बाद चर्चा में आया। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई सबूत सामने नहीं आया है, जिससे यह साबित हो कि जय पुरी इस कथित गड़बड़ी में शामिल थे।

जय पुरी जून 2026 तक Nvidia में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत थे। वह कंपनी के वैश्विक कारोबार, बिक्री और कई अहम जिम्मेदारियां संभालते थे। उन्हें CEO जेनसन हुआंग के बाद कंपनी के शीर्ष तीन अधिकारियों में गिना जाता था। जून में पद छोड़ने के बाद भी वह सीनियर एडवाइजर के तौर पर कंपनी से जुड़े रहे।

सेनली चेन के साथ संबंधों पर उठे सवाल
मडी वाटर्स ने 17 नवंबर को ‘Nvidia: More China’ नाम से रिपोर्ट जारी की। इसमें कुछ सार्वजनिक कार्यक्रमों की तस्वीरों का हवाला देते हुए सवाल उठाया गया कि जय पुरी के साथ दिखाई देने वाली महिला कहीं सुपर माइक्रो की पूर्व अधिकारी सेनली चेन तो नहीं हैं।


  • रिपोर्ट में सैन फ्रांसिस्को ओपेरा के 2024 के एक कार्यक्रम और अप्रैल 2026 में हुए एक अन्य समारोह की तस्वीरों का जिक्र किया गया। मडी वाटर्स ने सेनली चेन की मौजूदा कंपनी ChronoScale से इस संबंध में जवाब भी मांगा था, लेकिन उसे कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। हालांकि, रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि नहीं की गई कि तस्वीरों में दिखाई देने वाली महिला सेनली चेन ही हैं।

    क्या है 2.5 अरब डॉलर के चिप की कथित सप्लाई का मामला?
    यह विवाद सुपर माइक्रो कंप्यूटर के खिलाफ अक्टूबर 2026 में दायर एक मुकदमे से भी जुड़ा है। इसमें कंपनी की पूर्व अधिकारी सेनली चेन की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। चेन कंपनी में चीफ ग्रोथ ऑफिसर के पद पर थीं।

    मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि चेन Nvidia के GPU यानी AI चिप की खरीद और ग्राहकों तक उनकी आपूर्ति से जुड़े फैसलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थीं। यह भी दावा किया गया है कि उनके Nvidia के साथ करीबी कारोबारी संबंध थे और वह कंपनी के सह-संस्थापक लियांग के साथ चिप सप्लाई को लेकर बैठकें करती थीं।

    मुकदमे में आशंका जताई गई है कि चेन को चीन में चिप की कथित अवैध सप्लाई की जानकारी हो सकती थी। हालांकि, ये सभी आरोप हैं और अभी अदालत में साबित नहीं हुए हैं।

    अमेरिका में तीन लोगों पर पहले ही हो चुकी है कार्रवाई
    इस मामले में अमेरिकी न्याय विभाग मार्च 2026 में सुपर माइक्रो से जुड़े तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है। इन पर Nvidia के GPU से लैस सर्वर दक्षिण-पूर्व एशिया की एक कंपनी के माध्यम से चीन भेजने की साजिश रचने का आरोप है।

    अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस योजना के तहत करीब 2.5 अरब डॉलर के सर्वर चीन पहुंचाए जाने थे। इनकी खरीद 2024 से 2025 के बीच बैंकॉक की कंपनी OBON Corp के जरिए की गई थी। आरोप है कि अप्रैल और मई 2025 के दौरान लगभग 51 करोड़ डॉलर के सर्वर चीन भेजे गए।

    जांच एजेंसियों का दावा है कि कथित योजना के तहत गोदाम में नकली सर्वर रखे गए थे। असली उपकरणों के लेबल और सीरियल नंबर बदलकर उन्हें निर्माता की पैकिंग में दोबारा रखा गया, ताकि उनकी वास्तविक पहचान छिपाई जा सके। इस मामले में एक आरोपी अपना जुर्म कबूल कर चुका है, जबकि दूसरे ने आरोपों से इनकार किया है। तीसरे आरोपी के फरार होने की बात कही गई है।

    सुपर माइक्रो ने आरोपों को किया खारिज
    सुपर माइक्रो ने सेनली चेन की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। कंपनी का कहना है कि चेन Nvidia के साथ उसके कारोबारी संबंधों का प्रबंधन नहीं करती थीं। साथ ही, Nvidia के GPU किस ग्राहक को दिए जाएंगे, इसका फैसला भी उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं था।

    कंपनी के मुताबिक, सेनली चेन ने करीब 18 साल तक काम करने के बाद 2026 की शुरुआत में खुद इस्तीफा दिया था। इसके बाद उन्होंने AI इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी ChronoScale की CEO की जिम्मेदारी संभाल ली।

    Share:

  • बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा की आग, यूनुस के घर में आगजनी और कई जगह धमाके

    Thu Nov 19 , 2026
    नई दिल्ली. बांग्लादेश (Bangladesh) एक बार फिर राजनीतिक हिंसा (Political violence) और आगजनी की चपेट में आ गया है. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना (Sheikh Hasina) की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग के बुलाए गए ‘लॉकडाउन’ (‘lockdown’) से ठीक पहले देशभर में भारी बवाल मच गया है. राजधानी ढाका में कई देसी बमों के धमाके हुए. पिछले […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved