
उज्जैन। शहर में लिव इन रिलेशनशिप के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते 10 महीनों में ऐसे 20 मामले वन स्टॉप सेंटर पहुंचे हैं। इसमें से अधिकतर मामलों में युवतियों ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली, मुंबई और नोएडा जैसे बड़े शहरों की तर्ज पर उज्जैन में भी लिव इन का चलन तेजी से बढ़ा है। इसके साथ ही इनके बीच विवाद भी सामने आ रहे हैं। एक जनवरी 2026 से अक्टूबर 2026 तक कुल 10 महीनों के भीतर ही 20 मामले पुलिस के पास पहुंचे तो लोगों को पता चला कि उनके पड़ोस में साथ में रह रहे युवक-युवती पति-पत्नी नहीं हैं। उज्जैन में महिला पुलिस थाने और वन स्टॉप सेंटर में भी ऐसे मामलों की काउंसलिंग की जा रही है। चिमनगंज स्थित वन स्टॉप सेंटर में लिव इन को लेकर लगातार युवतियों की शिकायतें आ रही हैं। एक जनवरी 2026 से 30 अक्टूबर तक करीब 20 शिकायतें आई हैं। इसमें से करीब दस शिकायतें रिश्ते टूटने के बाद निजी बातें उजागर होने के डर से संबंधित हैं। लिव इन रिलेशनशिप के अधिकतर मामले 20 साल से लेकर 25 वर्ष तक की युवतियों से संबंधित हैं। काउंसलर का कहना है कि अधिक संख्या में तो युवतियां ही प्रभावित हैं, लेकिन कुछ मामलों में देखा गया है कि युवतियों ने भी अपने साथी को धोखा दिया है। यदि पिछले वर्ष से तुलना करेंगे तो इस तरह के मामलों में बढ़ोतरी ही दर्ज की जा रही है। आंकड़ों के हिसाब से लिव इन रिलेशनशिप में सिर्फ शहर के ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं का रुझान भी बढ़ा है। बता दें कि कानूनी तौर पर भले ही लिव इन रिलेशनशिप सांविधानिक है लेकिन इसके कई नकारात्मक पहलू हैं। नई पीढ़ी शादी की जिम्मेदारियों से बचने के लिए लिव इन को ज्यादा पसंद करते हैं, लेकिन यह सुरक्षित नहीं है। शादी में केवल महिला और पुरुष ही नहीं, बल्कि दो परिवार भी जुड़ते हैं। जो भविष्य में आपका साथ देते हैं। लिव इन में जन्मे बच्चे के भविष्य को लेकर भी संकट रहता है। इसमें महिलाओं को ज्यादा परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved