img-fluid

शिक्षकों के विरोध के बीच 20 दिसंबर को होगी टीईटी, 34 हजार ने किया आवेदन

November 20, 2026

  • पदोन्नति का रास्ता खुलने की उम्मीद, जिला मुख्यालयों पर बनेंगे परीक्षा केंद्र

इंदौर। प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों के सेवारत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 20 दिसंबर को आयोजित होगी। शिक्षकों के विरोध और परीक्षा से छूट की मांग के बीच माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने परीक्षा आयोजन का आदेश जारी कर दिया है। परीक्षा सुबह 11 बजे से जिला मुख्यालयों पर बनाए जाने वाले केंद्रों पर होगी। इंदौर, भोपाल और उज्जैन सहित प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर परीक्षा की तैयारी की जा रही है। परीक्षा में फिलहाल करीब 34 हजार शिक्षकों के शामिल होने की जानकारी है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश में सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी आयोजित की जा रही है। प्रदेश में करीब डेढ़ लाख शिक्षक इस व्यवस्था के दायरे में बताए जा रहे हैं। इनमें से 34 हजार शिक्षकों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है। आवेदकों में लगभग 20 हजार सरकारी और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक हैं। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलने का रास्ता साफ होने की उम्मीद है। टीईटी के कारण प्रदेश में करीब 40 हजार शिक्षकों की पदोन्नति अटकी हुई है।


  • वरिष्ठता और टीईटी की अनिवार्यता पर विरोध
    एक ओर परीक्षा की तारीख घोषित हो गई है, वहीं दूसरी ओर शिक्षक संगठनों में टीईटी की अनिवार्यता और वरिष्ठता के मुद्दे को लेकर नाराजगी बनी हुई है। शिक्षकों का कहना है कि वर्ष 2003, 2005 और 2011 में व्यापमं के माध्यम से चयन परीक्षा उत्तीर्ण कर नियुक्त हुए शिक्षकों को टीईटी से छूट दी जानी चाहिए। उस समय भर्ती के मानक और राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के मानकों में अंतर था। इस मामले में न्यायालय में याचिका भी लगाई गई है। निर्णय आने तक शिक्षकों में असमंजस बना हुआ है।वर्ष 2005 से 2009 के बीच नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट मिलेगी या नहीं, यह भी न्यायालय के निर्णय के बाद स्पष्ट होगा। यदि इन शिक्षकों को छूट मिलती है तो परीक्षा के दायरे में आने वाले शिक्षकों की संख्या घटकर करीब 70 हजार रह सकती है।

    28 नवंबर को दिल्ली में जुटेंगे शिक्षक
    टीईटी के साथ ही शिक्षकों की वरिष्ठता का मामला भी गरमाया हुआ है। वरिष्ठता निर्धारण को लेकर प्रदेश के शिक्षक नाराजगी जता रहे हैं। इस संबंध में 28 नवंबर को नई दिल्ली में जॉइंट टीचर फेडरेशन की बैठक प्रस्तावित है। इसमें मध्यप्रदेश के शिक्षक भी अपनी मांगों और समस्याओं को उठाएंगे। शिक्षक संगठनों की ओर से शीतकालीन सत्र के दौरान दिल्ली में एकजुट होकर अपनी बात रखने की तैयारी भी की जा रही है।

    डिप्टी सीएम से चर्चा के बाद समाधान की उम्मीद
    वरिष्ठता के मामले में शिक्षकों की ओर से उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से बातचीत की गई थी। इस चर्चा के बाद मामले में सामंजस्य बैठने और समाधान निकलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि शिक्षक संगठनों का कहना है कि जब तक वरिष्ठता और टीईटी से छूट के मुद्दे पर स्पष्ट निर्णय नहीं होता, तब तक उनकी चिंता बनी रहेगी।

    वेबसाइट पर मॉडल प्रश्नपत्र
    स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों की तैयारी के लिए टीईटी के मॉडल प्रश्नपत्र भी तैयार कराए हैं। इन्हें विभाग की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। शिक्षक इनके माध्यम से परीक्षा के प्रारूप, प्रश्नों की प्रकृति और तैयारी की दिशा समझ सकेंगे। माशिमं की ओर से परीक्षा के विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved