
इंदौर। इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह की बारात के दौरान 37 वर्षीय आसिफ अंसारी की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बारात में 500-500 रुपये के नोट उड़ाए जाने की चर्चा के बीच आसिफ भी वहां पहुंचे थे। अब मौत की वजह को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं, कुछ लोगों का कहना है कि नोट लूटने के दौरान भीड़ और धक्का-मुक्की में आसिफ दब गए। वहीं तेज DJ साउंड और हार्ट अटैक की आशंका भी जताई जा रही है, मृतक के परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है, फिलहाल रिपोर्ट का इंतजार है।
मामला इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र का है, 14 नवंबर को पटेल समाज में शादी समारोह के दौरान बड़ी और लंबी बारात निकली थी। इसी बारात में 37 वर्षीय आसिफ अंसारी भी पहुंचे थे, चर्चा है कि बारात में 500-500 रुपये के नोट उड़ाए जा रहे थे। नोट लुटाए जाने की खबर के बाद आसिफ भी वहां पहुंचे थे, आसिफ मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और उनके तीन बच्चे हैं। मौत के बाद से ही घटना की वजह को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं, कुछ लोगों का दावा है कि नोट लूटने की होड़ में भीड़ और धक्का-मुक्की मची, जिसमें आसिफ दब गए। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि तेज DJ साउंड के चलते उन्हें हार्ट अटैक आया। पुलिस को घटना की सूचना शाम करीब 6 बजे मिली, सूचना थी कि बारात में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर जांच शुरू की, परिजनों को फोन से उन्हें जानकारी मिली कि आसिफ बारात में गिर गए हैं और उन्हें पटेल हॉस्पिटल ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया कि आसिफ की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। परिवार शुरुआत में पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहता था और शव घर ले आया था, बाद में खजराना थाना पुलिस ने परिजनों को कानूनी प्रक्रिया समझाई, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के भाई ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि बारात में हुई वीडियोग्राफी, ड्रोन फुटेज और अन्य कैमरों के रिकॉर्ड खंगाले जाएं, ताकि पता चल सके कि आसिफ के साथ आखिर हुआ क्या था। सोशल मीडिया पर परिवार के पैसे लेकर मामला दबाने के आरोपों को भी इलियास ने खारिज किया है। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों की जांच की मांग की है, एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, परिवार को बताया गया था कि आसिफ को दो बार अटैक आया था, फिलहाल पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट और मर्ग जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने का इंतजार है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved