img-fluid

दिल्ली के महाआंदोलन में गूंजी चालक-परिचालकों की आवाज, नितिन गडकरी ने दिया बोर्ड गठन के लिए पत्र लिखने का आश्वासन

November 20, 2026

इंदौर। चालक-परिचालकों के अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं को लेकर 19 नवंबर को दिल्ली में भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ द्वारा आयोजित महाआंदोलन में इंदौर के भगवा ऑटो रिक्शा चालक संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ, पंजीयन क्रमांक 7078) के अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पदाधिकारी एवं सक्रिय साथी शामिल हुए। आंदोलन में चालक-परिचालक कल्याण बोर्ड, सामाजिक सुरक्षा, बीमा, पेंशन एवं परिवहन क्षेत्र की समस्याओं सहित 22 सूत्रीय मांगें उठाई गईं।

नितिन गडकरी से मुलाकात, बोर्ड गठन पर मिला आश्वासन
कार्यक्रम के पश्चात भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश शर्मा, राष्ट्रीय संगठन मंत्री रविशंकर अल्लूरी एवं भारतीय मजदूर संघ के समस्त पदाधिकारियों ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर परिवहन कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की और ज्ञापन सौंपा। गडकरी ने आश्वासन दिया कि चालक-परिचालक कल्याण बोर्ड के गठन के लिए प्रत्येक प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं संबंधित परिवहन मंत्रियों को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा जाएगा। उन्होंने इस मुलाकात की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की।


  • वीरेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने मध्यप्रदेश सरकार को दिया एक महीने का अल्टीमेटम
    राष्ट्रीय मंच से उद्बोधन देते हुए भगवा ऑटो रिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यदि एक महीने के भीतर मध्यप्रदेश सरकार चालक-परिचालक कल्याण बोर्ड का गठन नहीं करती है और प्रदेश में सफेद नंबर प्लेट से अवैध रूप से संचालित रैपिडो बाइक टैक्सी को बंद नहीं किया जाता अथवा नियमानुसार संचालन सुनिश्चित नहीं होता, तो भगवा ऑटो रिक्शा चालक संघ हजारों ऑटो चालक भाइयों एवं उनके परिवारों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उज्जैन स्थित निवास पर थाली, चम्मच और कटोरी लेकर प्रदर्शन करेगा।

    उन्होंने कहा कि ऑटो चालक सभी आवश्यक नियमों का पालन करते हुए अपना रोजगार चलाते हैं, लेकिन सफेद नंबर प्लेट से व्यावसायिक बाइक टैक्सी संचालन के कारण उनके सामने असमान प्रतिस्पर्धा और रोजगार का संकट खड़ा हो रहा है। सरकार को बाइक टैक्सी के लिए स्पष्ट नियम लागू कर यात्रियों की सुरक्षा और चालकों के हितों को सुनिश्चित करना चाहिए। त्रिपाठी ने कहा कि चालक-परिचालक कल्याण बोर्ड का गठन लाखों श्रमिकों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के लिए आवश्यक है। अब सरकार को इन मांगों पर शीघ्र ठोस निर्णय लेना चाहिए।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved