
जबलपुर। शहर की सड़कों पर कचरा, नालियों में गंदगी और सफाई व्यवस्था की बदहाली के बीच नगर निगम का एक अलग ही चेहरा सामने आ रहा है। जिन नियमित सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी वार्डों में झाड़ू लगाना और नालियों की सफाई करना है, उनमें से कई के फील्ड से हटकर दफ्तरों में मलाईदार पदों पर बैठने की शिकायतें हैं। कोई कंप्यूटर ऑपरेटर बनकर जोन कार्यालय में बैठा है तो कोई जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के काम में लगा है। कुछ कर्मचारियों की तैनाती अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बंगलों पर होने की बात भी सामने आई है। नतीजा यह है कि सफाई के लिए कर्मचारियों की कमी बताई जा रही है, जबकि निगम के नियमित कर्मचारी अपने मूल काम से दूर नजर आ रहे हैं।
सफाईकर्मियों की कमी, फिर दफ्तरों में तैनाती कैसे?
नगर निगम में नियमित सफाईकर्मियों की संख्या लगातार घटने की बात कही जा रही है। करीब चार-पांच साल पहले तक तीन हजार से अधिक नियमित सफाईकर्मियों के जिम्मे शहर की सफाई व्यवस्था थी। सेवानिवृत्ति और अन्य कारणों से संख्या घटकर अब लगभग 800 से 900 रह जाने की जानकारी दी जा रही है। इनमें अनुकंपा नियुक्ति से आए कर्मचारी भी शामिल हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब वार्डों में सफाईकर्मियों का टोटा है तो उपलब्ध कर्मचारियों को उनके मूल काम से हटाकर कार्यालयों में क्यों लगाया जा रहा है?
कम्प्यूटर नहीं आता, फिर भी ऑपरेटर की जिम्मेदारी
शिकायतों के मुताबिक, कुछ नियमित सफाईकर्मी जोन कार्यालयों के स्वास्थ्य विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर की भूमिका निभा रहे हैं। जोन नंबर 3, 4 और 11 में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े काम में ऐसे कर्मचारियों की तैनाती की बात सामने आई है। आरोप यह भी है कि संबंधित कर्मचारियों को कंप्यूटर संचालन का पर्याप्त ज्ञान नहीं है। इसके बावजूद कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए अलग से निजी कंप्यूटर ऑपरेटर रखने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। यानी निगम एक ओर नियमित कर्मचारियों को वेतन दे रहा है और दूसरी ओर वही काम कराने के लिए अतिरिक्त खर्च भी उठा रहा है।
नाला गैंग भी कागजों में सिमटी ?
शहर के नाले-नालियों की सफाई के लिए नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने चार जोन स्तर पर नाला गैंग बनाई थी। इसमें ऐसे नियमित सफाईकर्मियों को शामिल किया गया था, जो पहले कार्यालयों या अधिकारियों के आवास पर अटैच बताए जाते थे। लेकिन अब नाला गैंग के कर्मचारियों की फील्ड में मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप हैं कि इनमें से कुछ कर्मचारी फिर से दूसरे कामों में लगा दिए गए हैं। यदि ऐसा है तो नाला सफाई की जिम्मेदारी आखिर कौन निभा रहा है?
अधिकारियों के बंगलों पर तैनाती, फील्ड में कौन करेगा सफाई?
कुछ सफाईकर्मियों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बंगलों पर तैनात होने की शिकायतें भी हैं। ऐसी तैनाती की स्थिति में वार्डों में सफाई का काम प्रभावित होना स्वाभाविक है। सवाल यह है कि क्या इन कर्मचारियों की तैनाती के लिए विधिवत आदेश जारी किए गए हैं? यदि कर्मचारी मूल पदस्थापना से अलग काम कर रहे हैं तो उनकी निगरानी और उपस्थिति का रिकॉर्ड कौन रख रहा है?
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved