
इंदौर। इंदौर शहर में अवैध सट्टे की गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। तुकोगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने रेसकोर्स रोड स्थित आइडिया मल्टी के गेट के सामने से सट्टा गतिविधियों में लिप्त ग्वालियर के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 2 मोबाइल फोन जब्त कर सट्टा अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है और मोबाइल डेटा व नेटवर्क की जांच की जा रही है।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर में अवैध सट्टे और जुए की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी व कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में तुकोगंज थाना पुलिस ने रेसकोर्स रोड स्थित आइडिया मल्टी के गेट के सामने दबिश देकर सट्टे की गतिविधियों में लिप्त दो युवकों को धरदबोचा। तुकोगंज पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनमोल जोशी निवासी घोसीपुरा, जिला ग्वालियर और मयंक कुशवाह निवासी बहोड़ापुर, जिला ग्वालियर के रूप में हुई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।दोनों के खिलाफ सट्टा अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है। तुकोगंज पुलिस अब जब्त किए गए दोनों मोबाइल फोन के डेटा, कॉल डिटेल, ऑनलाइन लेनदेन और ग्वालियर व इंदौर से जुड़े संभावित सट्टा नेटवर्क के संबंध में गहन जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved