
महिदपुर। जिम्मेदार विभाग अपने कार्यों के प्रति कितने सजग हैं, इसकी बानगी चौपड़ा हनुमान मंदिर के पास स्थित बड़े पुल पर देखने को मिल रही है। सड़क निर्माण के बाद पुल की चौड़ाई बढ़ाए दो माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक पुल के साइड में समतलीकरण और डामरीकरण का कार्य पूरा नहीं हुआ है, वहीं सौंदर्याकरण के लिए लगाए लैंप भी 15 दिनों से बंद पड़े हैं। निर्माण कार्य अधूरा होने और रोशनी नहीं होने से यहाँ से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार पुल के साइड में समतलीकरण नहीं होने से सड़क किनारे रेत और गिट्टी बिखरी पड़ी है। इससे सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। चौपहिया वाहन तो जैसे-तैसे निकल जाते हैं, लेकिन बाइक सवारों को रेत और गिट्टी के कारण संतुलन बनाने में दिक्कत होती है। कई बार वाहन चालक संतुलन बिगडऩे से गिरते-गिरते बचे हैं, जबकिड्ढकुछ लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। पुल पर रात में रोशनी के लिए लगाए लैंप भी करीब 15 दिनों से बंद हैं। लाइटें बंद होने से रात के समय वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी हो रही है। हाल ही में अंधेरे के कारण एक बाइक सवार दंपती पुल के असमतल साइड में उतर गया और संतुलन बिगडऩे स बाइक सहित गिर पड़ा। पुल पर यातायात का दबाव भी बना रहता है। ऐसे में अधूरा निर्माण और बंद लाइटें कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। भीमाखेड़ा से काजीखेड़ी जलाशय तक भी रोशनी के लिए लगाए लैंप बंद पड़े हैं। समस्या को लेकर एमपीआरडीसी के उज्जैन कार्यालय में जानकारी ली तो बताया बीते अक्टूबर में सड़क भोपाल डिवीजन को हैंडओवर कर दी गई है। अब इस सड़क की व्यवस्था संबंधित डिवीजन ही देखेगा। वह भोपाल विभाग के अधिकारी ने समस्या का निराकरण के लिए प्रोजेक्ट मैनेजर से बात करने की बात कही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved