
इंदौर। इंदौर में शादी के बाद पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। हीरानगर थाना पुलिस ने वकुल विजयवर्गीय की शिकायत पर उनकी पत्नी यशस्वी विजयवर्गीय और ससुर संजय के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फरियादी ने पत्नी पर एक महिला मित्र के साथ उनकी तस्वीर एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने, झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले को खत्म कराने के एवज में 50 लाख रुपये मांगने की बात भी शिकायत में सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दरअसल वकुल विजयवर्गीय और यशस्वी विजयवर्गीय की शादी साल 2023 में हुई थी। आरोप है कि शादी के महज दो महीने बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और पत्नी मायके चली गईं। फरियादी ने आरोप लगाया है कि शादी के दौरान 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। इसके अलावा आईफोन और विदेश यात्रा जैसी मांगों को लेकर भी विवाद हुआ। वकुल ने पुलिस को शादी से पहले की चैट और मैसेज भी सौंपे हैं। वहीं, फरियादी का आरोप है कि उनकी एक महिला मित्र के साथ तस्वीर को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसों की मांग की गई। पुलिस के मुताबिक, यशस्वी विजयवर्गीय की ओर से पहले परदेशीपुरा थाने में दहेज प्रताड़ना का मामला भी दर्ज कराया गया था। अब वकुल की शिकायत पर हीरानगर पुलिस ने यशस्वी और उनके पिता संजय के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस फोटो वायरल करने, कथित ब्लैकमेलिंग और पैसों की मांग से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। विवेचना के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved