img-fluid

संसद का विशेष सत्र…. 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को सरकार ने बुलाई राज्यसभा की बैठक

November 27, 2026

नई दिल्ली। सरकार (Government) ने लोकसभा (Lok Sabha) की बैठक 30 नवंबर, सोमवार और राज्यसभा (Rajya Sabha) की बैठक 2 दिसंबर, बुधवार को फिर से बुलाने का अनुरोध किया है. इन बैठकों में सरकार के जरूरी कामकाज को पूरा किया जाएगा. संसद की ये बैठकें मॉनसून सत्र (Monsoon Session) की ही आगे की कार्यवाही बताईं जा रही है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।

दरअसल, संसद का मानसून सत्र 2026 विपक्षी सांसदों के भारी विरोध और लगातार हंगामे के कारण कई बार बाधित हुआ. इसके बाद गुरुवार, 13 अगस्त 2026 को दोनों सदनों को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया था।

इस स्थगन के बाद सत्र का औपचारिक सत्रावसान (प्रोरोगेशन) न होने को लेकर भी राजनीतिक विवाद बना था. विपक्षी दलों ने सरकार पर शीतकालीन सत्र बुलाने में देरी करने और परिसीमन (delimitation) से जुड़े समीकरणों के चलते सत्र को औपचारिक रूप से खत्म न करने का आरोप लगाया था. वहीं, सत्तारूढ़ एनडीए (NDA) ने इन आरोपों को खारिज करते हुए सत्र बुलाने या स्थगित करने को सरकार का संवैधानिक विशेषाधिकार बताया था।


  • अब सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठक फिर बुलाने का अनुरोध किया है. केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने इसकी जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि लोकसभा की बैठक सोमवार, 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा की बैठक बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को होगी. दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है।

    किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर साफ किया कि यह संसद के मॉनसून सत्र की कार्यवाही का ही हिस्सा है. यानी इसे नया सत्र नहीं माना जाएगा. सरकार ने लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों को फिर से बुलाने का अनुरोध किया है।

    रिजिजू ने बताया कि इन बैठकों का मकसद जरूरी सरकारी कामकाज निपटाना है. उन्होंने कहा कि कामकाज की जरूरतों को देखते हुए दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर को खत्म हो सकती है।

    लोकसभा और राज्यसभा की बैठक अलग-अलग तारीखों पर
    सरकार के अनुरोध के मुताबिक, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को होगी. वहीं, राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को बुलाई जाएगी. दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है. हालांकि, 3 दिसंबर को कार्यवाही खत्म होने की बात अभी संभावित है. यह कामकाज की जरूरतों पर निर्भर करेगा. सरकार की ओर से अभी बैठक के एजेंडे की विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

    संसद के मॉनसून सत्र की कार्यवाही 13 अगस्त 2026 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी. अब सरकार ने उसी सत्र की कार्यवाही फिर शुरू करने का अनुरोध किया है. इस दौरान दोनों सदनों में जरूरी सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा. कौन-कौन से मुद्दे और प्रस्ताव सदन में रखे जाएंगे, इसकी जानकारी सामने आने का इंतजार है।

    परिसीमन और महिला आरक्षण पर संविधान संशोधन की चर्चा
    संसद की बैठक दोबारा बुलाए जाने के बीच चर्चा है कि सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन ला सकती है. इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 की जा सकती है. इसके लिए परिसीमन किया जाएगा. सरकार का मकसद 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देना है।

    परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत के राज्यों ने चिंता जताई है. उन्हें आशंका है कि इससे लोकसभा में उनकी सीटों का हिस्सा कम हो सकता है. सरकार हर राज्य में सीटों की संख्या 50 फीसदी तक बढ़ाने के विकल्प पर विचार कर रही है. एक दूसरा विकल्प यह भी है कि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा बंटवारा बरकरार रखा जाए. यह बंटवारा 1971 की जनगणना पर आधारित है. हालांकि, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

    वहीं, मॉनसून सत्र 13 अगस्त को दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद भी औपचारिक रूप से जारी है. इसे 100 दिन से ज्यादा हो चुके हैं. इसने 2008 में बने 87 दिनों के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।

    संसद की बैठक से पहले कांग्रेस बनाएगी रणनीति
    संसद की 30 नवंबर से शुरू होने वाली बैठक को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति तैयार करने की तैयारी शुरू कर दी है. इसके लिए शुक्रवार 27 नवंबर को दिल्ली में शाम 4:30 बजे कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक होगी. इस बैठक की अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी. इसमें संसद की आगामी कार्यवाही के दौरान पार्टी की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved