
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections) की सरगर्मी के बीच समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) में आजम खान (Azam Khan) की बढ़ती सक्रियता और उन्हें मिल रही खास तवज्जो चर्चा का विषय बन गई है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने गुरुवार देर रात ऐसा कदम उठाया, जिसने सियासी हलकों का ध्यान खींचा। पार्टी के चुनावी घोषणापत्र के विमोचन और रात्रिभोज के बाद जब आजम खान की वापसी का समय हुआ तो अखिलेश खुद उन्हें अपनी गाड़ी से एयरपोर्ट छोड़ने पहुंचे।
सपा की राजनीति में इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है। मौजूदा दौर में पार्टी के किसी अन्य नेता को विदा करने के लिए अखिलेश यादव का खुद एयरपोर्ट तक जाना असाधारण कदम माना जा रहा है। इसके जरिए उन्होंने आजम खान के प्रति अपना सम्मान और पार्टी में उनकी अहमियत का संदेश देने की कोशिश की है। जेल से रिहाई के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात थी।
घोषणापत्र कार्यक्रम में भी आजम को मिली खास जगह
आजम खान गुरुवार को पूरे दिन लखनऊ में मौजूद रहे। पार्टी के घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में भी उन्हें विशेष महत्व दिया गया। अखिलेश यादव के संबोधन से ठीक पहले आजम खान को मंच से अपनी बात रखने के लिए पर्याप्त समय दिया गया। उनके भाषण और अखिलेश के साथ गर्मजोशी भरे रिश्ते को पार्टी के भीतर उनके राजनीतिक महत्व से जोड़कर देखा जा रहा है।
अपने भावुक संबोधन में आजम खान ने अपने ऊपर हुई कथित ज्यादतियों का दर्द बयां किया। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के परिवार के साथ अपने करीब पांच दशक पुराने आत्मीय संबंधों को भी याद किया। इसी दौरान उन्होंने बिना नाम लिए AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की राजनीतिक मंशा पर भी निशाना साधा।
ओवैसी और चंद्रशेखर पर भी साधा निशाना
आजम खान ने कहा कि कुछ लोगों का उद्देश्य सरकार बनाना नहीं, बल्कि दूसरों का राजनीतिक खेल बिगाड़ना है। उनके इस बयान को ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की सक्रियता के संदर्भ में देखा जा रहा है। दोनों नेताओं की जोड़ी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक गतिविधियां बढ़ा रही है।
आजम ने अपने संबोधन में कहा, “लोग बहुत परेशान हैं। हिंदू-मुसलमान संघर्ष से लोग तंग आ चुके हैं। आप कितनी ही बड़ी बातें करें, कितने ही बड़े दावे करें, लेकिन सच्चाई लोगों के दिलों में उतर गई है।”
अखिलेश के कदम से क्या निकलेगा सियासी संदेश?
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, आजम खान को मंच पर बोलने का मौका देने से लेकर खुद एयरपोर्ट तक छोड़ने का अखिलेश यादव का कदम कई संकेत देता है। पार्टी नेतृत्व के इस व्यवहार को आजम खान को संगठन और चुनावी राजनीति में अहम भूमिका देने की तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है।
खासकर ऐसे समय में जब ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, आजम खान का खुलकर सपा के साथ खड़ा होना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। हालांकि, चुनाव में उन्हें क्या जिम्मेदारी दी जाएगी, यह पार्टी के आगामी फैसलों से ही स्पष्ट होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved