img-fluid

‘वेड इन इंडिया’ मुहिम का असर…. भारत में तेजी से बढ़ रहा शाही शादियों का क्रेज…

November 27, 2026

नई दिल्ली। अब विदेशी द्वीपों (Foreign Islands) और महलों के बजाय भारत (India) में शाही शादियों (Royal Weddings) का चलन बढ़ रहा है। अमीर भारतीय और एनआरआई परिवार देश में ही भव्य आयोजन कर रहे हैं। ‘वेड इन इंडिया’ मुहिम (Wed in India Trend), बेहतर कनेक्टिविटी और पश्चिम एशिया के हालात ने इस रुझान को बढ़ावा दिया है। इससे शादियों का करोड़ों रुपये का खर्च देश में रह रहा है, जिससे स्थानीय कारोबार को फायदा हो रहा है।

दुनिया की एक चौथाई शादियां देश में
दुनिया में होने वाली करीब 25% शादियां भारत में होती हैं। इसे संगठित वेडिंग टूरिज्म का रूप देने के लिए सरकार और इंडस्ट्री जुटे हैं। पर्यटन मंत्रालय राष्ट्रीय वेडिंग टूरिज्म डिजिटल डाटाबेस तैयार कर रहा है। इसमें शादी स्थलों, कमरों की क्षमता और सुविधाओं की जानकारी होगी। दिसंबर तक जीएसटी और संगीत लाइसेंस जैसी अनुमतियों की प्रक्रिया आसान बनाने का लक्ष्य है।


  • उदयपुर-गोवा से अयोध्या-वाराणसी तक डेस्टिनेशन वेडिंग की मांग
    डेस्टिनेशन वेडिंग राजस्थान और गोवा तक सीमित नहीं है। केरल, देहरादून, कोच्चि, महाबलीपुरम, कुर्ग, अलीबाग, कर्जत, अमृतसर, ऋषिकेश, मसूरी और आगरा लोकप्रिय हो रहे हैं। आध्यात्मिक स्थलों का आकर्षण बढ़ा है। अयोध्या, वाराणसी, द्वारका, मदुरै, उज्जैन और महेश्वर शाही शादियों के नए केंद्र बन रहे हैं।

    भारत क्यों बन रहा पसंद?
    विशेषज्ञों के मुताबिक, एनआरआई परिवारों के लिए भारत में शादी करना अपनी जड़ों से जुड़ने और रिश्तेदारों को भारतीय संस्कृति से परिचित कराने का मौका है। वे रस्में वैभव से निभाना चाहते हैं। पश्चिम एशिया के संकट और यात्रा अनिश्चितता ने योजनाएं बदली हैं। कुछ परिवारों ने मध्य पूर्व, अबू धाबी और श्रीलंका में तय आयोजन रद्द कर भारत को चुना है। उदयपुर, ऋषिकेश, अहमदाबाद और आध्यात्मिक शहरों की मांग बढ़ी है। उदयपुर में ऐतिहासिक महल और हेरिटेज प्रॉपर्टीज हैं। यहां सजावट, लाइट-साउंड, कैटरिंग और आयोजन संभालने वाली टीमें उपलब्ध हैं। इससे बड़े समारोह आसान होते हैं और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलता है।

    औसतन 58 लाख रुपये का खर्च
    उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, भारत में सामान्य शादी का औसत बजट करीब 39.5 लाख रुपये है। घरेलू डेस्टिनेशन वेडिंग पर औसतन 58 लाख रुपये खर्च होते हैं। एक करोड़ रुपये से अधिक बजट वाली 60 फीसदी से ज्यादा शादियां घर से बाहर होती हैं। इनका बड़ा हिस्सा भारत में हो रहा है। लक्जरी और अल्ट्रा-एचएनआई परिवारों के आयोजनों का बजट कई करोड़ रुपये तक पहुंचता है।

    चुनौतियां भी बरकरार
    वेडिंग टूरिज्म के सामने चुनौतियां हैं। जनवरी से मई की शुरुआत तक, खासकर फरवरी में, लोकप्रिय स्थलों पर कमरों की कमी हो जाती है। होटल किराये बढ़ने से बजट प्रभावित होता है। संगीत, शराब, आयोजन स्थल, पुलिस, ग्राम पंचायत और बीच से जुड़ी अनुमतियों की प्रक्रिया जटिल है। उद्योग की मांग है कि मंजूरियों को सरल और एकीकृत किया जाए, ताकि भारत अंतरराष्ट्रीय वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर सके।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved