
जबलपुर। सरकारी स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई छोड़कर शिक्षा विभाग के दफ्तरों में आराम फरमा रहे शिक्षकों की अब खैर नहीं है। विधानसभा में उठे एक तीखे सवाल के बाद प्रदेश भर के साथ जबलपुर जिले में भी अटैच शिक्षकों की कुंडली खंगाली जा रही है। विधानसभा सचिवालय ने स्कूल शिक्षा मंत्री से प्रदेश के विभिन्न कार्यालयों में पदस्थ शिक्षकों की कुल संख्या और उनकी पदस्थापना के ठोस आधार का पूरा ब्योरा तलब किया है। इस आदेश के बाद जबलपुर में जिला शिक्षा अधिकारी डीईओ, जिला परियोजना समन्वयक डीपीसी, बीआरसी, संभागीय संयुक्त संचालक कार्यालय और विकासखंड शिक्षा अधिकारी बीईओ कार्यालयों में हलचल तेज हो गई है। आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय से लेकर निचले स्तर तक के दफ्तरों में कार्यरत सहायक शिक्षकों, शिक्षकों, व्याख्याताओं, संवर्ग 1, संवर्ग 2 और संवर्ग 3 के अध्यापकों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है ताकि असल स्थिति सदन के सामने रखी जा सके।
विधि प्रकोष्ठ में पदस्थ शिक्षकों की योग्यता पर उठे सवाल
विधानसभा के सवाल में संयुक्त संचालक कार्यालय और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के विधि प्रकोष्ठ में की गई तैनाती को भी जांच के घेरे में लिया गया है। सदन में पूछा गया है कि क्या माध्यमिक शिक्षकों, उच्च माध्यमिक शिक्षकों और प्राचार्यों को नियम विरुद्ध तरीके से विधि प्रकोष्ठ का जिम्मा सौंपा गया है। यदि ऐसे पद भरे गए हैं तो उनके पदस्थापना आदेश की प्रति उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि विधि प्रकोष्ठ में काम कर रहे इन शिक्षकों और प्राचार्यों ने विधि स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण की है या बिना कानूनी डिग्री के ही वे इस महत्वपूर्ण शाखा का काम संभाल रहे हैं।
रिक्त पदों और लिपिकीय कार्य लेने पर मांगा जवाब
इस पूरे मामले का मुख्य आधार यह है कि जब प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों के पद बड़े पैमाने पर रिक्त पड़े हैं और विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, तब इतनी बड़ी संख्या में शिक्षक दफ्तरों में किस नियम के तहत सेवाएं दे रहे हैं। विधानसभा ने इस बात पर कड़ी आपत्ति जताते हुए पूछा है कि शिक्षकों से मूल शैक्षणिक कार्य कराने के बजाय उनसे बाबूगिरी अर्थात लिपिकीय और प्रशासनिक काम क्यों लिया जा रहा है। नियमों को ताक पर रखकर ऐसी पदस्थापना करने वाले जिम्मेदार अधिकारी कौन हैं और दोषी कर्मचारियों व अफसरों के खिलाफ शासन स्तर पर अब तक क्या दंडात्मक कार्रवाई की गई है।
पदस्थापना आदेश और कार्य का बनेगा पूरा रिकॉर्ड
शासन स्तर पर पूर्व में कई बार निर्देश जारी होने के बावजूद दफ्तरों में अटैचमेंट का खेल पूरी तरह बंद नहीं हो सका था। अब विभागीय स्तर पर आंकड़े संकलित करने की कवायद शुरू हो गई है। सभी संबंधित कार्यालय प्रमुखों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ अटैच शिक्षकों की वास्तविक संख्या, उनके पदनाम, पदस्थापना आदेश की तारीख और वर्तमान कार्य की प्रकृति का पूरा विवरण तत्काल प्रस्तुत करें। जानकारों का मानना है कि यह जानकारी सामने आने के बाद जिले का पूरा सच उजागर हो जाएगा और उन सभी शिक्षकों को वापस मूल शालाओं में लौटना पड़ेगा जो लंबे समय से दफ्तरों में जमे हुए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved