img-fluid

आगजनी रोकने निगम का मास्टर प्लान

November 27, 2026

  • 30 दिन में होगी शहर की फायर रिस्क मैपिंग
  • पिछले एक साल की अग्नि दुर्घटनाओं का होगा विश्लेषण, घनी आबादी और बाजारों में मॉकड्रिल के साथ चलेंगे जागरूकता अभियान

जबलपुर। शहर में आगजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित बचाव व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने व्यापक कार्ययोजना बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने अग्निशमन विभाग का निरीक्षण कर अगले 30 दिनों में पूरे शहर का फायर रिस्क वल्नरेबिलिटी एवं एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत आग की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों और संभावित हॉटस्पॉट की पहचान कर वहां रोकथाम के उपाय किए जाएंगे।



  • निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने अग्निशमन वाहनों की फिटनेस, उपलब्ध उपकरणों, कर्मचारियों की उपस्थिति और आपातकालीन कॉल पर टीम की प्रतिक्रिया व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने फायर कॉल मिलने से लेकर टीम की रवानगी तक की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की। व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए स्वयं मोबाइल से कॉल कर प्रतिक्रिया और तत्परता भी परखी। इस दौरान उपस्थिति रजिस्टर की जांच कर कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निगमायुक्त ने पिछले एक वर्ष में शहर में हुई अग्नि दुर्घटनाओं का डेटा एनालिसिस कराने के निर्देश दिए हैं। इसमें घटनाओं के स्थान, कारण, परिस्थितियों, आग की तीव्रता और राहत-बचाव कार्य में लगे समय का अध्ययन किया जाएगा। इसके आधार पर घनी आबादी वाले इलाकों, व्यस्त बाजारों, बस्तियों और कॉलोनियों को जोखिम के स्तर के अनुसार वर्गीकृत किया जाएगा। संभावित हॉटस्पॉट चिन्हित करने के साथ विद्युत सुरक्षा, ज्वलनशील सामग्री के भंडारण, संकरे रास्तों, दमकल वाहनों की पहुंच और पानी की उपलब्धता का भी परीक्षण किया जाएगा। प्रत्येक संवेदनशील क्षेत्र के लिए अलग फायर एक्शन प्लान तैयार होगा, ताकि दुर्घटना की स्थिति में बचाव कार्य में देरी न हो।
    अग्नि सुरक्षा को लेकर नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। घनी आबादी वाले क्षेत्रों, बाजारों और संवेदनशील वार्डों में नियमित मॉकड्रिल आयोजित की जाएंगी। इनमें नागरिकों, व्यापारियों और कर्मचारियों को आग लगने पर सुरक्षित निकासी, प्राथमिक बचाव तथा अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

    आधुनिक होंगे संसाधन, मजबूत होगी त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था
    निगमायुक्त ने अग्निशमन वाहनों, उपकरणों, वाटर रिफिलिंग स्टेशन और फायर एनओसी जारी करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उन्होंने संसाधनों का नियमित सत्यापन कराने और आवश्यकता के अनुसार उनका अपग्रेडेशन करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों को प्रशिक्षण, अनुशासन, टीम समन्वय और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा। निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने कहा कि अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए केवल घटना के बाद राहत पहुंचाना पर्याप्त नहीं है। जोखिम वाले स्थानों की पहले से पहचान, मूल कारणों का विश्लेषण और नागरिकों की सहभागिता जरूरी है। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त वी.एन. बाजपेई, कार्यपालन यंत्री जी.एस. मरावी और फायर अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved