
जबलपुर। शीत ऋतु में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और शहर की आबोहवा को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जिला एवं निगम प्रशासन ने वाहनों की जांच का विशेष अभियान शुरू किया है। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा एवं निगमायुक्त अग्रिम कुमार के निर्देश पर 26 नवंबर को करमेता स्थित भारत पेट्रोलियम पंप पर वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण (पीयूसी) और फिटनेस प्रमाण पत्रों की जांच की गई।
अभियान में नगर निगम, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने सड़क से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान जिन वाहनों से निर्धारित मानकों से अधिक धुआं निकलता पाया गया, उनके संचालकों को तत्काल सुधार कराने और वाहनों की सर्विसिंग कराने के निर्देश दिए गए। संयुक्त कार्रवाई में नगर निगम से मनीष गुप्ता, आरटीओ कार्यालय से रवींद्र चौधरी तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय से राकेश सहित तीनों विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
चालान के डर से नहीं, सेहत के लिए कराएं जांच
जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को प्रदूषण से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान की जानकारी देकर जागरूक भी किया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने वाहनों का नियमित रखरखाव कराएं और वैध पीयूसी प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से रखें। अधिकारियों का कहना है कि स्वच्छ हवा केवल प्रशासनिक कार्रवाई से नहीं, बल्कि नागरिकों की जिम्मेदारी और सहभागिता से ही संभव है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved