नई दिल्ली। महिला और पुरुष (Women and men) दोनों को समान रूप से जन्म देने वाली प्रकृति के बावजूद समाज में महिलाओं को बराबरी (Equality for women) का अधिकार देने को लेकर आज भी संघर्ष जारी है। अफगानिस्तान में तालिबान शासन के दौरान यह भेदभाव अब महिलाओं की व्यक्तिगत पहचान तक पहुंचने के आरोप लग रहे हैं। यहां महिलाओं के नाम सरकारी दस्तावेजों में दर्ज करने पर रोक लगाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कागजों में महिलाओं की पहचान उनके नाम के बजाय ‘बीबी’ जैसे संबोधनों से की जाएगी। कुछ महिलाओं ने उन्हें ‘गाय’ और ‘बकरी’ कहकर पुकारे जाने की शिकायत भी की है।
अफगानिस्तान के बल्ख प्रांत में तालिबान अधिकारियों ने कथित तौर पर सरकारी दस्तावेजों में महिलाओं के नाम लिखने पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। इतना ही नहीं, अस्पतालों में महिला मरीजों के नाम की जगह दूसरे शब्दों का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है। इस मामले ने दुनियाभर में महिला अधिकारों और उनकी व्यक्तिगत गरिमा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
स्पेन के अखबार ‘एल पाइस’ के मुताबिक, अफगानिस्तान के स्थानीय मीडिया संस्थान ‘जान टाइम्स’ और ब्रिटिश अखबार ‘द गार्जियन’ की रिपोर्ट में भी इस निर्देश का उल्लेख किया गया है। बताया गया है कि बल्ख प्रांत में सरकारी कर्मचारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को सरकारी कागजात, मेडिकल रिकॉर्ड और दवाइयों के पर्चों में महिलाओं के नाम का इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अस्पतालों में महिला मरीजों को उनके नाम से बुलाने के बजाय ‘बीबी’ कहकर संबोधित किया जा रहा है। वहीं, कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया है कि उन्हें ‘गाय’ और ‘बकरी’ जैसे अपमानजनक शब्दों से भी पुकारा गया।
महिला अधिकार कार्यकर्ताओं ने जताई चिंता
जर्मनी में रहने वाली अफगान महिला अधिकार कार्यकर्ता लाला उस्मानी ने इस कथित निर्देश को महिलाओं को इंसान के बजाय कमतर दिखाने की सुनियोजित कोशिश बताया है।
एक अन्य महिला अधिकार कार्यकर्ता ने भी इस निर्देश की पुष्टि की है। हालांकि, उनका कहना है कि कुछ स्थानों पर कर्मचारियों ने अब तक इसे लागू नहीं किया है।
महिलाओं के नाम को सरकारी दस्तावेजों और स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड से हटाने का यह मामला उनकी व्यक्तिगत पहचान, सम्मान और बुनियादी अधिकारों से जुड़ा है। इससे अफगानिस्तान में महिलाओं की स्थिति और तालिबान शासन के तहत उन पर लगाए जा रहे प्रतिबंधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved