
मेलबर्न । ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में (In Victoria Australia) लिबरल नेता जेस विल्सन (Liberal leader Jess Wilson) पहली निर्वाचित महिला प्रीमियर बनेंगीं (Will become First Elected Female Premier) ।
ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया प्रांत में 12 साल से काबिज लेबर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। विधानसभा चुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर करते हुए लिबरल-नेशनल गठबंधन ने शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ 36 वर्षीय लिबरल नेता जेस विल्सन राज्य की पहली निर्वाचित महिला प्रीमियर बनने जा रही हैं। शनिवार को हुए मतदान के बाद रविवार को सामने आए शुरुआती चुनावी नतीजों ने विक्टोरिया की राजनीतिक तस्वीर बदल दी है।
ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (एबीसी) के चुनावी आंकड़ों के अनुसार, 88 सदस्यीय निचले सदन में बहुमत के लिए जरूरी 45 सीटों के मुकाबले लिबरल-नेशनल गठबंधन 49 सीटें जीत चुका था, वहीं लेबर पार्टी को महज तीन सीटों पर जीत मिली थी, जबकि ग्रीन्स पार्टी छह सीटें हासिल कर चुकी थी। 30 सीटों पर मतगणना जारी थी। इस चुनाव में लेबर पार्टी की हार को उसके इतिहास की सबसे बड़ी चुनावी पराजयों में से एक माना जा रहा है। पार्टी पिछले 12 वर्षों से विक्टोरिया में सत्ता में थी। डैन एंड्रयूज और जैसिंटा एलन के नेतृत्व में पार्टी ने लगातार तीन चुनावों में जीत हासिल की थी। हालांकि, बढ़ते सरकारी कर्ज, अपराध, भ्रष्टाचार के आरोपों और जीवनयापन की बढ़ती लागत ने सरकार के प्रति मतदाताओं की नाराजगी बढ़ाई।
लेबर नेता बेन कैरोल ने हार स्वीकार करते हुए जेस विल्सन को बधाई दी और चुनावी नतीजों की जिम्मेदारी खुद लेने की बात कही। कैरोल खुद मेलबर्न की निड्री सीट से चुनाव हार गए। उन्होंने माना कि मतदाताओं ने बदलाव के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है। दूसरी ओर, जेस विल्सन ने अपनी जीत को विक्टोरिया के लिए नई शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों ने बदलाव के लिए अपना फैसला सुनाया है और उनकी सरकार का लक्ष्य लोगों के मन में उम्मीद बहाल करना होगा। चुनाव प्रचार के दौरान विल्सन ने अपराध, खराब सड़कों, सरकारी कर्ज और राज्य की आर्थिक स्थिति को प्रमुख मुद्दा बनाया था।
इस चुनाव का एक और महत्वपूर्ण पहलू ग्रीन्स पार्टी का उभार है। शुरुआती नतीजों में पार्टी ने अपनी स्थिति मजबूत की है। ग्रीन्स नेता एलेन सैंडेल ने संकेत दिया कि मतगणना पूरी होने पर उनकी पार्टी मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में भी आ सकती है। ऐसा होने पर ऑस्ट्रेलिया के राजनीतिक इतिहास में यह एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम होगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “हमने इतिहास रच दिया। विक्टोरिया में एक ‘ग्रीन लहर’ आई है। हमने ‘ग्रीन्स’ के इतिहास में पूरे राज्य स्तर पर अब तक के सबसे ज्यादा वोट हासिल किए हैं। और पहले से कहीं ज्यादा ‘ग्रीन्स’ को सदन में भेज रहे हैं।” वहीं, आव्रजन विरोधी ‘वन नेशन’ पार्टी को चुनाव प्रचार के दौरान बढ़ते समर्थन के बावजूद शुरुआती नतीजों में सीटों के मामले में अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved