
डेस्क। त्रिपुरा के सिपाहीजला जिले में बीएसएफ के जवानों पर हुए हमले के 1 महीने बाद सुरक्षा बलों और जिला प्रशासन ने सीमा क्षेत्रों में बीएसएफ, सरकारी व जंगल की जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। सिपाहीजला जिला प्रशासन ने अब तक बॉर्डर से सटे सोनामुरा और विशालगढ़ सब-डिवीजन में त्रिपुरा पब्लिक प्रिमाइसेस (अनधिकृत कब्जाधारियों की बेदखली) एक्ट, 1982 के तहत 50 से ज्यादा अवैध अतिक्रमण हटाए हैं।
एक सीनियर अफसर के मुताबिक, शनिवार को चलाए गए ताजा ऑपरेशन में बीएसएफ और पुलिस की जॉइंट टीमों ने बीएसएफ की कब्जाई गई जमीन पर कथित तौर पर बनाए गए 5 मकानों और 2 दुकानों को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा, जंगल की जमीन पर अवैध रूप से बने 2 अन्य मकानों को भी गिराया गया। जिला प्रशासन, पुलिस, बीएसएफ और फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की संयुक्त कार्रवाई सिपाहीजला जिले के बॉक्सनगर इलाके में की गई। यह ऑपरेशन भारत-बांग्लादेश इंटरनेशनल बॉर्डर पर कलमचौरा थाना इलाके के आशाबाड़ी गांव में 2 नवंबर को बीएसएफ जवानों पर हुए हमले के बाद शुरू किया गया।
त्रिपुरा पुलिस के आईजी मांचक इप्पर ने बताया कि हमले के सिलसिले में अब तक 5 महिलाओं सहित 24 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों और राजस्व अधिकारियों की संयुक्त जांच के बाद अवैध निर्माणों की पहचान की गई थी। नोटिस जारी करने और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों की संपत्तियां ध्वस्त की गई हैं, उनमें से कुछ पर हाल में बीएसएफ जवानों पर हुए हमले समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है जबकि अन्य लोगों ने सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर रखा था। शनिवार के ऑपरेशन में 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि कई अन्य कब्जाधारियों को भी नोटिस जारी किए गए हैं और अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस बीच, एक सीनियर पुलिस अफसर ने बताया कि 2 नवंबर की घटना में शामिल बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस हमले में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से करीब 50 पुरुषों और महिलाओं के शामिल होने का आरोप है। गिरफ्तार सभी 24 आरोपियों के विरुद्ध मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985, भारतीय न्याय संहिता, 2023 और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना उस वक्त हुई जब बीएसएफ जवानों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते बांग्लादेश में गांजा तस्करी की कोशिश कर रहे कथित तस्करों के एक ग्रुप को रोका था। तस्करी रोकने के बाद बीएसएफ जवानों को कथित रूप से लगभग 50 पुरुषों और महिलाओं की भीड़ ने घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। इस अटैक में एक कंपनी कमांडर समेत कम से कम 4 बीएसएफ जवान घायल हुए थे, जिनमें से 2 को गंभीर चोटें आई थीं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved