
भोपाल। महिला आरक्षण (Women Reservation) लागू होने से पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस (Congress) ने संभावित महिला उम्मीदवारों की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने प्रदेशभर से 500 ऐसी महिलाओं की सूची तैयार की है, जो भविष्य में विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनाव (Elections) लड़ना चाहती हैं। अब इन्हें प्रशिक्षण देकर चुनावी राजनीति के लिए तैयार किया जाएगा। इसकी शुरुआत 2 दिसंबर को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में होने वाली बैठक से होगी। खास बात यह है कि कांग्रेस इस बार केवल महिला नेताओं को संगठन में जिम्मेदारी देने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि उन्हें सीधे चुनाव लड़ने की तैयारी कराने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए महिलाओं की भाषण शैली, संवाद कौशल, शैक्षणिक योग्यता और राजनीतिक समझ का भी आकलन किया जाएगा।
कांग्रेस ने सभी जिला प्रभारियों से चुनाव लड़ने की इच्छुक महिलाओं के नाम मांगे थे। प्रत्येक जिले से तीन नाम भेजने को कहा गया था। हालांकि, कुछ जिलों ने तीन से पांच नाम तक भेजे। पार्टी ने जिला प्रभारियों से मिले सभी नामों को शामिल करते हुए 500 महिलाओं की सूची तैयार की है। इसमें नए चेहरों के साथ पहले विधानसभा, लोकसभा और महापौर का चुनाव लड़ चुकी महिलाएं भी शामिल हैं।
भोपाल में होने वाले पहले ओरिएंटेशन कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, महाराष्ट्र की वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशोमति ठाकुर और छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शामिल होंगी। महिलाओं को चुनावी राजनीति, संगठन की कार्यप्रणाली और जनसंपर्क से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले के मुताबिक, प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं का प्राथमिक परीक्षण भी किया जा सकता है। इसके आधार पर आगे की तैयारी कराई जाएगी।
पिछले चुनावों में महिलाओं को कितने टिकट मिले?
कांग्रेस के पिछले चुनावी रिकॉर्ड पर नजर डालें तो विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं की भागीदारी सीमित रही है।
महिला आरक्षण और परिसीमन के प्रस्तावों के बाद मध्यप्रदेश में चुनावी प्रतिनिधित्व का गणित भी बदल सकता है। प्रस्तावित 50 प्रतिशत सीट वृद्धि के आधार पर विधानसभा की 230 सीटें बढ़कर 345 और लोकसभा की 29 सीटें बढ़कर 44 होने का अनुमान है। यदि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण इसी आधार पर लागू होता है तो विधानसभा में करीब 115 और लोकसभा में लगभग 15 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। हालांकि, वास्तविक संख्या परिसीमन और आरक्षण की अंतिम अधिसूचना के बाद ही स्पष्ट होगी।
महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक प्रस्तावित है। इन बैठकों में महिला आरक्षण कानून के क्रियान्वयन और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर आगे की विधायी प्रक्रिया को लेकर चर्चा हो सकती है। कांग्रेस की 500 महिलाओं की सूची और उनके प्रशिक्षण की पहल को इसी संभावित बदलाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी अब महिला आरक्षण लागू होने की स्थिति में उम्मीदवारों की तैयारी पहले से रखने की दिशा में काम कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved