img-fluid

149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार हुआ चमत्कार, भारत-ऑस्ट्रेलिया भी नहीं कर सके जो कारनामा जिम्बाब्वे ने कर दिखाया

November 10, 2026

नई दिल्ली। टेस्ट क्रिकेट (Test cricket)के 149 साल के इतिहास (149-year history)में जिम्बाब्वे की टीम (Zimbabwe team)ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है जिसे दुनिया की बड़ी से बड़ी क्रिकेट टीमें अब तक हासिल नहीं कर सकी थीं। भारत ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड और न्यूजीलैंड (India, Australia, England, and New Zealand)जैसी दिग्गज टीमें भी यह रिकॉर्ड नहीं बना पाईं लेकिन जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में इतिहास रच दिया। शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस टेस्ट मैच में जिम्बाब्वे ने दोनों पारियों में 500 से ज्यादा रन बनाकर नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। भले ही यह मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ लेकिन जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

इस ऐतिहासिक मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 504 रन बनाए। टीम की ओर से ब्रेंडन टेलर और ब्रायन बेनेट ने बेहतरीन शतक लगाए। टेलर ने 131 रनों की शानदार पारी खेली जबकि बेनेट ने 128 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके जवाब में अफगानिस्तान ने भी जोरदार बल्लेबाजी की और उसकी पहली पारी 514 रनों पर समाप्त हुई। अफगानिस्तान की ओर से रहमत शाह सेदिकुल्लाह अटल और रहमानुल्लाह गुरबाज ने शतक जमाकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई।

हालांकि मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण जिम्बाब्वे की दूसरी पारी रही। टीम ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और पांच विकेट के नुकसान पर 523 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। इसके साथ ही जिम्बाब्वे टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसी पहली टीम बन गई जिसने एक ही टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 500 या उससे ज्यादा रन बनाए। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि टेस्ट क्रिकेट में कई दिग्गज टीमें और महान बल्लेबाज लंबे समय से खेलते आ रहे हैं लेकिन कोई भी टीम इस रिकॉर्ड तक नहीं पहुंच सकी थी।

जिम्बाब्वे की दूसरी पारी में सबसे बड़ी भूमिका 41 वर्षीय अनुभवी बल्लेबाज क्रेग इरविन ने निभाई। उन्होंने शानदार धैर्य और तकनीक का परिचय देते हुए नाबाद 206 रन बनाए। उनकी इस पारी ने जिम्बाब्वे को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। इस दोहरे शतक के साथ इरविन टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के तीसरे सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए। उनके अलावा वेस्ली मधेवेरे ने भी शानदार बल्लेबाजी की और नाबाद 100 रन बनाकर अपने टेस्ट करियर का पहला शतक पूरा किया। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर अफगानिस्तान के गेंदबाजों को काफी देर तक विकेट के लिए तरसाए रखा।


  • इस मुकाबले में बल्लेबाजों का दबदबा इतना ज्यादा रहा कि पांच दिनों के खेल में कुल 1541 रन बने और केवल 25 विकेट गिरे। मैच में कुल छह शतक देखने को मिले। जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दूसरी ओर अफगानिस्तान ने भी अपनी बल्लेबाजी से मुकाबले को बराबरी पर बनाए रखा। दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने जिस तरह रन बनाए उससे यह टेस्ट मुकाबला लंबे समय तक याद किया जाएगा।

    भले ही जिम्बाब्वे को इस मुकाबले में जीत नहीं मिली लेकिन टीम ने ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। क्रेग इरविन का दोहरा शतक और दोनों पारियों में 500 से ज्यादा रन बनाने की उपलब्धि जिम्बाब्वे क्रिकेट के लिए बड़ी कामयाबी है। इस प्रदर्शन ने साबित किया कि टेस्ट क्रिकेट में सिर्फ बड़ी टीमों का ही दबदबा नहीं होता बल्कि सही मौके पर छोटी मानी जाने वाली टीमें भी इतिहास रच सकती हैं।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved