img-fluid

MP: वर्दी की आड़ में अपराध का आरोप,कांस्टेबल पर दुष्कर्म-धोखाधड़ी की फिर,आरोपी गिरफ्तार

September 23, 2026

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। नर्मदापुरम की कोतवाली थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर पुलिस लाइन में पदस्थ कांस्टेबल सोमिल सक्सेना के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सिपाही पिछले करीब सात महीने से ड्यूटी से लगातार गैरहाजिर चल रहा था।

पीड़ित 37 वर्षीय महिला नर्मदापुरम से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित एक गांव की निवासी है। पीड़िता के अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व सोमिल ने उसे नर्मदा तट तक छोड़ने के बहाने लिफ्ट दी थी। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई और संपर्क नंबरों का आदान-प्रदान हुआ। इसके बाद दोनों में फोन पर बातचीत शुरू हो गई। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी सोमिल सक्सेना ने अपने भाई के इलाज का बहाना बनाकर उससे आर्थिक मदद मांगी। महिला ने मदद करते हुए उसे अपने 10 ग्राम सोने के जेवर दे दिए।

आरोप है कि जब महिला ने अपने गहने वापस मांगे, तो आरोपी ने उसे गहने लौटाने के बहाने अपने घर बुलाया और वहां उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। आरोपी ने महिला के साथ दो से तीन बार इस वारदात को अंजाम दिया। एसपी साईं कृष्णा एस. थोटा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली में मामला दर्ज कर आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को वर्ष 2022 में अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved