
डेस्क। हॉलीवुड एक्टर जेम्स हैंडी ‘टॉप गन मेवरिक’ और ‘जुमांजी’ जैसी कई फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। यह एक्टर अब इस दुनिया में नहीं है। लॉस एंजिल्स के टार्जाना इलाके में उनकी हत्या चाकू मारकर की गई है। इस घटना को उनकी गर्लफ्रेंड के बेटे ने अंजाम दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक एक्टर जेम्स हैंडी की हत्या उनकी गर्लफ्रेंड के बेटे ने की। अभिनेता की उम्र 81 साल थी। पुलिस को एक कॉल आया, जिसमें एक व्यक्ति ने दावा किया कि उसने किसी की हत्या कर दी है। मौके पर पहुंचने पर पुलिस टीम को जेम्स हैंडी अपने घर के आंगन में पड़े मिले।
पुलिस ने कहा, ‘3 जून 2026 को सुबह लगभग 9:30 बजे वेस्ट वैली इलाके के पेट्रोलिंग अधिकारियों को इरविन स्ट्रीट से अज्ञात कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि मैं उस आदमी का बेटा हूं, मैंने अभी-अभी उसे मार डाला है।’
मौके पर पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों को 81 वर्षीय जेम्स हैंडी घर के सामने वाले आंगन में बेहोश और छाती पर चाकू के घाव के साथ मिले। पीड़ित को लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट के पैरामेडिक्स लोकल हॉस्पिटल ले गए, वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
हत्या करने वाले शख्स ने ही बताया कि वह जेम्स हैंडी की गर्लफ्रेंड का बेटा है। इस व्यक्ति का नाम माइकल ग्लेडहिल (44) है, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। जेम्स हैंडी के एक प्रतिनिधि ने अभिनेता के निधन की दुखद खबर सभी के साथ साझा की। उन्होंने कहा, ‘बड़े दुख के साथ मैं पुष्टि कर सकता हूं कि बुधवार को टार्जाना में जिस व्यक्ति पर हमला किया गया और जिसकी हत्या कर दी गई, वह एक्टर जेम्स हैंडी थे।’ प्रतिनिधि ने बताया कि इस मामले की जांच चल रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved