उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

महाकाल दर्शन कर सिंहस्थ क्षेत्र का दौरा करने निकले अखाड़ा परिषद अध्यक्ष

  • साल 2018 में चिन्हित किए जा चुके 500 से ज्यादा अतिक्रमणों सहित सांवराखेड़ी, जीवनखेड़ी क्षेत्र का दौरा करेंगे

उज्जैन। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रविन्द्रपुरी महाराज ने आज सुबह साढ़े 10 बजे के करीब भगवान महाकाल के दर्शन किए। इसके बाद वे सिंहस्थ मेला क्षेत्र में हुए अवैध निर्माण और अतिक्रमणों का जायजा लेने निकल पड़े। सिंहस्थ क्षेत्र में अखाड़ा परिषद अध्यक्ष सांवराखेड़ी और जीवनखेड़ी क्षेत्र का भी दौरा करने जाएँगे। नए मास्टर प्लान में इस क्षेत्र की जमीन को सिंहस्थ क्षेत्र से मुक्त कराने की योजना है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रविन्द्रपुरी महाराज शुक्रवार की शाम को उज्जैन आ गए थे। शनिवार को उन्होंने अष्टमी पर नगर पूजा यात्रा का आयोजन किया था। कल राम नवमी पर उन्होंने निरंजनी अखाड़े पर कन्या पूजन और भंडारे का कार्यक्रम आयोजित किया था। आज सुबह साढ़े 10 बजे के करीब वे महाकालेश्वर मंदिर पहुँचे। यहाँ उन्होंने विधि विधान से महाकाल का पूजन किया और मीडिया से चर्चा में बताया कि भगवान महाकाल के दर्शन करने के बाद वे यहाँ से सीधे सिंहस्थ मेला क्षेत्र का भ्रमण करने जा रहे हैं।


उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2016 के दौरान भी मेला आयोजन के लिए मेला क्षेत्र में जमीन कम पड़ गई थी। बाद में राज्य शासन को अतिरिक्त जमीन अधिग्रहित करनी पड़ी थी। इसके बावजूद सिंहस्थ 2016 से 2018 तक दो साल में सिंहस्थ क्षेत्र में 550 से ज्यादा नए अतिक्रमण और अवैध निर्माण हो गए। इन्हें तत्कालीन कलेक्टर ने चिन्हित भी कर लिया था और कार्रवाई की शुरुआत कर दी थी परंतु उनके तबादले के बाद से चिन्हित अवैध निर्माणों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही। इसके लिए वे आज प्रशासनिक अधिकारियों से बात करेंगे। इसके साथ ही वे जीवनखेड़ी और सांवराखेड़ी क्षेत्र में सिंहस्थ के लिए उपयोगी जमीन को मास्टर प्लान में शामिल कर जमीन को सिंहस्थ क्षेत्र से मुक्त कराने के प्रस्ताव को लेकर भी अधिकारियों से बात करेंगे और इसे सिंहस्थ के लिए सुरक्षित रखने की माँग करेंगे।

Share:

Next Post

साल की सबसे गर्म रही बीती रात

Mon Apr 11 , 2022
गर्मी की तपन और बिजली की लुकाछिपी जारी..लोग परेशान उज्जैन। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात इस साल की सबसे गर्म रात साबित हुई। बीती रात न्यूनतम तापमान चढ़कर 23 डिग्री तक पहुँच गया। पिछले 5 दिनों से दिन का तापमान भी 41 डिग्री से ऊपर चल रहा है। इस बीच अघोषित बिजली कटौती जारी है और […]