भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

25 करोड़ से भोपाल में बनेगा एक्वा कल्चर पार्क

  • मत्स्य संपदा योजना की तीसरी वर्षगांठ पर इंदौर में केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने की घोषणा

भोपाल। राजधानी के भदभदा रोड स्थित मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में 25 करोड़ रुपए की लागत से एक्वा कल्चर पार्क बनाया जाएगा। तीन एकड़ में बनने वाले इस एक्वा कल्चर पार्क में लोग रंग-बिरंगी मछलियों को करीब से निहार सकेंगे। इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाय) की तीसरी वर्षगांठ के मौके पर केन्द्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने इसकी घोषणा की। इसी तर्ज पर तमिलनाडु के रामनाथपुरम व अरुणाचल प्रदेश में 50 करोड़ की लागत से इंटीग्रेटेड एक्वा कल्चर पार्क तैयार किया जा रहा है। मंत्री रूपाला ने मत्स्य उत्पादकों को संबोधित करते हुए कहा कि पहले मछली पालकों को साहूकारों से 10 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज लेना पड़ता था, लेकिन अब इन्हें भी किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ मिल रहा है। मछली पालन में महिलाओं की काफी ज्यादा भागीदारी है। मैं चाहता हूं कि इससे जुड़ी महिलाएं मोती की खेती का काम शुरू करें। इससे वे खुद के लिए मोती तैयार कर सकेंगी और पति की आय की समस्या का निदान भी करेंगी। जो महिलाएं अभी तक मोती खरीदने का काम करती हैं वे उसे पकाने का काम करे।



मत्स्य निर्यात में भारत पहले नंबर पर
केन्द्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी तथा सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री डा. एल. मुरुगन ने बताया कि मछली पालन के क्षेत्र में 20 हजार करोड़ का निवेश होने से मछली निर्यात में भारत पहले स्थान पर है। पिछले तीन साल में प्रदेश में मत्स्य उत्पादन तीन लाख टन बढ़ा है। केन्द्रीय राज्य मंत्री मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी डा. संजीव कुमार बालियान ने बताया कि 2014 में मत्स्य विभाग का 350 करोड़ रुपये का बजट अब बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये का हो गया है। इस क्षेत्र में 61 लाख रोजगार सृजित हुए। तेलंगान व आंध्र के बाद अब उत्तर भारत सहित देश के अन्य राज्यों में मत्स्य उत्पादन बढ़ाया जाएगा। वेस्टलैंड का उपयोग भी मछली पालन में किया जाएगा।

एप पर मिलेगी बीमारी व उपचार की जानकारी
मंत्री रूपाला ने बताया कि विभाग द्वारा एक एप तैयार किया गया है जिस पर मछली का फोटो डालने पर उसकी बीमारी व उपचारों के बारें में विशेषज्ञों से जानकारी मिल जाती है। इसे हिंदी व अंग्रेजी के अलावा प्रादेशिक भाषाओं में उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।

झींगा उत्पादन में हम जल्द होंगे नंबर वन
झींगा उत्पादन में अभी भारत दुनिया में दूसरे नंबर पर है, जल्द ही हम नंबर वन पर होंगे। मत्स्य विभाग द्वारा सीड उत्पाद के साथ वैरायटी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश के कृषि व मत्स्य विभाग के मंत्री तागे ताकी, प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और मत्स्य उत्पादन से जुड़े 800 से अधिक लोग शामिल हुए। मत्स्य संपदा जागृति अभियान की शुरुआत शुक्रवार को हुई। इसके तहत देशभर में 108 मत्स्य किसान सम्मेलन होंगे।

 

Share:

Next Post

शिवराज ने निभाया 'लाड़ली बहनों' से वादा, 450 रुपए में गैस सिलेंडर पाकर भावुक हुईं महिलाएं

Sat Sep 16 , 2023
इंदौर: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राखी के मौके पर महिलाओं से 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था. मुख्यमंत्री ने यह वादा पूरा करते हुए गैस सिलेंडर रिफिलिंग योजना शुरू कर दी है. इस योजना के तहत महिलाओं को प्रति महीने 450 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान […]