
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की उस रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें कहा गया है कि दो चुनाव आयुक्तों ने SIR प्रक्रिया में गड़बड़ियों पर आपत्ति जताई थी। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लिया है। ममता बनर्जी ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इसके लिए देशभर में आंदोलन किया जाएगा। ममता बनर्जी ने बंगाल में दोबारा से चुनाव कराए जाने की भी मांग की है।
ममता बनर्जी ने कहा, ‘यह एक बहुत ही चौंकाने वाली और शर्मनाक बात है। हमने अपनी जिंदगी में ऐसा कभी नहीं देखा। इस चुनाव आयुक्त (ज्ञानेश कुमार) को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्हें पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। BJP को यह समझना चाहिए कि वे हमारे संविधान को नष्ट नहीं कर सकते। वे लोकतंत्र को खत्म नहीं कर सकते। वे BJP IT टीम के नाम पर अपने EROs को तैनात नहीं कर सकते। हमने जो पहले कहा था, वह अब सच साबित हो गया है।’
ममता बनर्जी ने आगे कहा, ‘ज्ञानेश कुमार ने पुलिस का गलत इस्तेमाल किया है। BJP के साथ मिलकर अपने ही BJP-समर्थक लोगों को तैनात किया है। ऐसा घोटाला पहले कभी नहीं हुआ। अगर आपमें थोड़ी भी शर्म-लिहाज है, तो आप खुद ही गिरफ्तारी की मांग करेंगे। आपको गिरफ्तार किया जाना चाहिए।’ इसके साथ ही ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि विरोध करने की वजह से उनका चुनाव चिन्ह तक छीन लिया गया।
चुनाव आयोग के SIR फैसलों और आदेशों पर अखबार की रिपोर्ट के बाद ममता बनर्जी ने कहा कि अब यह साबित हो गया है कि BJP और EC ने बंगाल विधानसभा चुनाव में धांधली की है। ममता ने पुरानी वोटर लिस्ट के साथ बंगाल में दोबारा चुनाव कराने की मांग की है। ममता ने कहा कि INDIA गठबंधन के सहयोगी जल्द ही बैठक करेंगे। जब तक ज्ञानेश कुमार CEC रहेंगे, तब तक पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन होते रहेंगे।
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा घोटाला पहले कभी नहीं हुआ। ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस घर-घर जाकर लोगों से एक खास पार्टी में शामिल होने के लिए कह रही है और ऐसा नहीं करने पर जेल भेजने की धमकी दी जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved