img-fluid

फाटक रहित क्रॉसिंग पर मालगाड़ी ने पिकअप को 100 मीटर तक घसीटा, युवक की मौत; छह घायल

October 23, 2026

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में फाटक रहित रेलवे क्रॉसिंग पर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। चचाई थाना क्षेत्र के संजयनगर में गुरुवार रात करीब 11:30 बजे चचाई पावर प्लांट से संगमा खदान की ओर जा रही खाली मालगाड़ी ने रेलवे लाइन पार कर रहे पिकअप वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में 26 वर्षीय रवि वर्मा की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे और सुरक्षा इंतजामों की मांग को लेकर विरोध जताया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम चकैठी निवासी युवक दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद पिकअप वाहन में लदे डीजे साउंड को संजयनगर में खाली करके वापस गांव लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे वाहन संजयनगर की फाटक रहित रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था। इसी दौरान चचाई की ओर से आ रही खाली मालगाड़ी ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन लगभग 100 मीटर तक घसीटता चला गया।

वाहन चालक कन्हैया वर्मा के अनुसार, घटनास्थल के आसपास घनी झाड़ियां और जंगल होने से दृश्यता प्रभावित होती है। क्रॉसिंग पर न तो रेलवे फाटक है और न ही गेटमैन की व्यवस्था। अचानक मालगाड़ी सामने आने पर वाहन में सवार कई लोग कूदकर बाहर निकल गए, लेकिन रवि वर्मा की गर्दन वाहन में फंस गई। वह बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


  • हादसे में घायल अर्जुन कोल (17), विकास सिंह (22), शिवम बैग (18), कन्हैया वर्मा (25), करण कोल (19) और राजेश सिंह (26), सभी निवासी ग्राम चकैठी, को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, इनमें से चार घायलों के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। अधिकारियों के साथ हुई बैठक में घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजने का आश्वासन दिया गया।

    हादसे के बाद ग्रामीण जिला अस्पताल में एकत्रित हो गए। उन्होंने पावर प्लांट प्रबंधन की कथित लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता, घायलों के बेहतर इलाज, रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक और प्रकाश व्यवस्था की मांग रखी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांगों पर लिखित आश्वासन मिलने तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने और शव गांव नहीं ले जाने देंगे।

    सुबह से अधिकारियों के अस्पताल नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों और पुलिस अधिकारियों के बीच तनाव की स्थिति भी बनी। बाद में करीब 11 बजे पावर प्लांट के अधिकारी पहुंचे। इसके बाद जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बैठक हुई। बैठक में घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजने, फैक्ट्री एक्ट के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार मुआवजा देने और रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा के लिए गेट लगाने का आश्वासन दिया गया।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved