भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

आयुष्मान से होगा प्रदेश के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों का इलाज!

  • जनवरी तक लागू हो सकती है योजना
  • उत्तराखंड पैटर्न पर मंथन कर चुकी है सरकार

रामेश्वर धाकड़
भोपाल। अगले विधानसभा चुनाव से पहले शिवराज सरकार प्रदेश के सभी अधिकारी, कर्मचारी, पेंशनरों एवं उनके परिजनों को मुफ्त चिकित्सा सुविधा की सौगात दे सकती है। उत्तराखंड की तर्ज पर मप्र सरकार प्रदेश के सभी अधिकारी,कर्मचारी एवं उनके आश्रित परिजनों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया जाएगा। सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। क्योंकि कमलनाथ सरकार के समय कर्मचारी-अधिकारियों को 5 से 10 लाख का उपचार मुहैया कराने की योजना बनी थी, जिस पर अभी तक अमल नहीं हुआ है।
विभिन्न कर्मचारी संगठनों का सरकार पर दबाव है कि अधिकारी, कर्मचारी एवं पेंशनरों को हर साल उपचार के लिए 5 लाख एवं गंभीर उपचार के लिए 10 लाख की सुविधा देने पर अमल किया जाए। इस संबंध में वित्त विभाग 19 फरवरी 2020 को आदेश भी जारी कर चुका है। वित्त विभाग के इसी आदेश का पालन कराने के लिए कर्मचारी संगठन सरकार पर दबाव बना रहे हैं। कर्मचारी संगठनों के साथ-साथ राज्य कर्मचारी कल्याण समिति ने सिफारिश की है कि मप्र राज्य कर्मचारी स्वास्थ्य बीमा योजना उत्तराखंड की स्वास्थ्य योजना समान है। ऐसे में उत्तराखंड की तर्ज पर इस योजना को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया जाए। स्वास्थ्य योजना में शामिल कर्मचारी एवं अधिकारियों से सातवें वेतनमान के अनुसार प्रतिमाह एक समान अंशदान लिया जाए। मप्र सरकार की प्रस्तावित स्वास्थ्य योजना में पेंशनर एवं कर्मचारियों से प्रतिमाह अंशदान के रूप में 250 रुपए एवं 1000 रुपए लेने का प्रावधान है।


इन्हें मिलेगा फायदा
स्वास्थ्य योजना में प्रदेश के 20 लाख से अधिक अधिकारी, कर्मचारी पेंशनर शामिल होंगे। जिनमें नियमित, विनियमित, संविदा, शिक्षक संवर्ग, होमगार्ड, कार्यभारित, स्वशासी संस्थाओं के कर्मचारी शामिल है। राज्य कर्मचारी कल्याण समिति ने पंचायत सचिव, सहायक सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका एवं अन्य सभी कर्मचारियों को आयुष्मान भारत में शामिल करके स्वास्थ्य लाभ देने की सिफारिश की है। हालांकि निगम मंडलों के कर्मचारी एवं अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के लिए योजना वैकल्पिक है।

Share:

Next Post

राष्ट्रीय चंबल वन्य जीव अभ्यारण्य की 207 हेक्टे. भूमि होगी डी-नोटिफिकेशन

Mon Sep 26 , 2022
केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर ने एनएससी के जैविक बीज फार्म का किया शिलान्यास भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने रविवार को मुरैना में राष्ट्रीय बीज निगम (एनएससी) के जैविक बीज फार्म का शिलान्यास किया। इसके प्रारंभ होने पर मध्यप्रदेश के किसानों को तिलहन के नए जैविक बीज उपलब्ध होंगे। इस […]