
- 31 अक्टूबर से भोपाल में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी
उज्जैन। मध्यप्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ ने लंबित मांगों को लेकर 22 से 28 अक्टूबर तक हड़ताल की। हड़ताल के समापन पर बड़ी संख्या में कोटवार कोठी स्थित कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए और मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
संघ के जिला अध्यक्ष हरिओम बोड़ाना ने बताया कि ज्ञापन में हमारी मध्यप्रदेश सरकार से प्रमुख मांग है कि प्रदेश के सभी कोटवारों को शासकीय कर्मचारी घोषित किया जाए, उनका मासिक वेतन बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए तथा जिन कोटवारों को सेवाभूमि आवंटित की गई है, उस जमीन पर उन्हें मालिकाना हक प्रदान किया जाए। प्रदेश के करीब 38 हजार कोटवार लंबे समय से अपनी विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। संघ की ओर से पूर्व में भी सरकार को ज्ञापन सौंपकर मांगों के निराकरण का आग्रह किया गया था। संघ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश के कोटवारों की मूलभूत आवश्यकताओं और जीवनयापन से जुड़ी मांगों पर उचित निर्णय लेकर आदेश जारी किए जाएं, ताकि उन्हें अपनी मांगों के लिए आंदोलन करने को मजबूर न होना पड़े। संघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही मांगों पर ध्यान देकर उनका निराकरण नहीं किया, तो 31 अक्टूबर से भोपाल में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।