इंदौर न्यूज़ (Indore News)

जन आशीर्वाद यात्रा के पहले भाजपा बोली- विकास की चाय में विनाश की मक्खी नहीं गिरने देंगे, इंदौर में आज प्रवेश करेगी यात्रा

इंदौर (Indore)। जन आशीर्वाद यात्रा के आज इंदौर में प्रवेश के पहले भाजपा की ओर से कहा गया कि भाजपा मध्यप्रदेश के विकास में विनाश की मक्खी नहीं गिरने देगी। हिन्दू धर्म पर हमले का आरोप भी कांग्रेस पर लगाया गया और कहा गया कि वह धर्मांतरण का संरक्षण और जिहाद का समर्थन कर अधर्म की राजनीति करती है।

आज दोपहर भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा देपालपुर विधानसभा से जिले में प्रवेश करेगी और 20 तारीख को शहर में घूमेगी। यात्रा को लेकर कल प्रदेश प्रवक्ता गोविंद मालू ने जानकारी दी और कांग्रेस पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कमलनाथ और दिग्विजय कांग्रेस हमेशा कमीशन, कास्ट, करेंसी और करप्शन की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि 18 साल में भाजपा ने बीमारू राज्य में विकास किया। हम इस राज्य के विकास में विनाश की मक्खी नहीं गिरने देंगे। उन्होंने सरकार की योजनाओं की जानकारी भी आंकड़ेवार दी और बताया कि कैसे लोगों का जीवनस्तर सुधरा और प्रदेश आगे बढ़ा। इसलिए हम हर चुनाव के पहले जनता से आशीर्वाद लेने जाते हैं और उनका आशीर्वाद हमें मिलता है।


नहीं थमा मंडल अध्यक्ष का विरोध बैठक का बहिष्कार
कल भाजपा के वीर सावरकर मंडल में आयोजित बैठक में मंडल अध्यक्ष अमितसिंह रघुवंशी का विरोध करते हुए कई पदाधिकारी बैठक में शामिल नहीं हुए। मंडल अध्यक्ष की कार्यप्रणाली और उनके द्वारा पदाधिकारियों के साथ की गई अभद्रता का विरोध पिछले एक महीने से चल रहा है और विरोधी खेमा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे और विधायक महेन्द्र हार्डिया को इसकी शिकायत कर चुका है।

जन आक्रोश यात्रा में जिस दावेदार का श्रेष्ठ प्रदर्शन उसके सर्वे के नंबर बढ़ेंगे
इंदौर। दूसरी ओर कांग्रेस की बैठक में जन आक्रोश यात्रा की रूपरेखा तैयार करने के दौरान गुजरात से आए पदाधिकारी विमल शाह ने कहा कि लोगों को हमें जन आक्रोश यात्रा के माध्यम से सरकार की विफलता बताना है। यह यात्रा जिस-जिस क्षेत्र से गुजरेगी, वहां के नेताओं को जी-जान से जुट जाना है। गांधी भवन में हुई बैठक में सभी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद थे। शाह ने कहा कि जिस भी दावेदार का श्रेष्ठ प्रदर्शन रहेगा, उसके सर्वे में नंबर बढ़ेंगे। इसकी मॉनिटरिंग कराई जाएगी, वहीं दावेदारों से कहा कि वे यात्रा के दौरान एक ही स्थान पर भीड़ न कर अपने-अपने क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों की जवाबदारी लेवें।

Share:

Next Post

इन्दौर में 600 बाढ़ प्रभावितों को किया शिफ्ट, 50 हजार से अधिक भोजन पैकेट भी बंटे

Mon Sep 18 , 2023
कलेक्टर पूरे समय डटे रहे मैदान में, महापौर ने भी संभाला मोर्चा मगर निगमायुक्त देरी से आई नजर, बिजली कम्पनी के सामने भी चुनौतियां नहीं रही कम इन्दौर (Indore)। 61 साल का रिकॉर्ड तोडऩे वाली जो बारिश इंदौर में हुई उससे समूचा जन-जीवन 48 घंटे तक अस्त-व्यस्त रहा और सरकारी मशीनरी के सामने भी विकट […]