आचंलिक जिले की खबरें देश मध्‍यप्रदेश व्‍यापार

बैतूलः आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम, प्रारंभ हुआ जैविक हाट बाजार

– जैविक खाद्य सामग्री उत्पादक किसानों के विक्रय के लिए एक स्थान पर मिला मार्केट

– सांसद उइके ने किया शुभारंभ, कलेक्टर ने निरीक्षण कर कहा-हाट बाजार और अधिक सुविधायुक्त बनाया जाएगा

बैतूल। जिला मुख्यालय बैतूल में जैविक खेती एवं जैविक उत्पाद (Organic farming and organic products) करने वाले किसानों को अपने उत्पादों का बेहतर मार्केट उपलब्ध कराने एवं ब्रांडिंग के लिए हाट बाजार प्रारंभ किया गया है। सोमवार को छत्रपति शिवाजी ओपन ऑडिटोरियम परिसर में प्रारंभ हुए इस हाट बाजार में जैविक उत्पादक किसान एक ही स्थान पर अपनी जैविक खाद्य सामग्री बेच सकेंगे। इस बाजार से न केवल जैविक सामग्री उत्पादक किसानों को उत्पादित सामग्री का उचित मूल्य मिलेगा, बल्कि उपभोक्ताओं को भी वाजिब दाम पर एक स्थान पर जैविक खाद्य सामग्री मिल सकेगी।

क्षेत्रीय सांसद डीडी उइके ने सोमवार को इस हाट बाजार का शुभारम्भ किया। इस दौरान बताया गया कि इस बाजार में जैविक खाद्यान्न के अलावा जैविक गुड़, जैविक मसाले, अचार, मुरब्बा इत्यादि सामग्री उचित दाम पर उपलब्ध हैं। शुरुआती दौर में यह हाट बाजार प्रत्येक सोमवार एवं मंगलवार को संचालित किया जाएगा। आवश्यकता अनुसार इसके दिन भी बढ़ाए जा सकेंगे। बाजार में स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा उत्पादित जैविक मसाले, अचार, मुरब्बा इत्यादि भी विक्रय किया जाएगा।


शुभारंभ अवसर पर सांसद डीडी उइके ने कहा कि जैविक उत्पादन करने वाले किसानों को जैविक हाट बाजार के रूप में एक स्थान उपलब्ध कराया गया है, जहां से वे अपने जैविक उत्पाद को उचित मूल्य पर विक्रय कर सकें एवं आमजन को जैविक उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सके। इस दौरान आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल, जिला पंचायत के उप प्रधान नरेश फाटे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। कार्यक्रम में सांसद उइके ने जैविक उत्पादक कृषकों का सम्मान भी किया।

हाट बाजार का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने यहां लगाए गए प्रत्येक स्टॉल का बारीकी से निरीक्षण किया एवं जैविक उत्पादक किसानों से चर्चा कर उनको बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाजार को और अधिक सुविधायुक्त बनाने के प्रयास किए जाएंगे। कलेक्टर ने जैविक उत्पादों का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं से भी अपील की कि वे यहां विक्रय की जाने वाली सामग्री अवश्य खरीदें।

इस दौरान उपस्थित कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. आरडी बारपेटे ने बताया कि जिले के जैविक खेती करने वाले किसानों को आवश्यक कृषि आदान स्थानीय कृषि विकास केन्द्र से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में उपसंचालक कृषि केपी भगत ने बताया कि जैविक उत्पादक किसानों को इस बाजार के माध्यम से अपने उत्पाद बेचने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि उनको एक ही प्लेटफार्म पर अपनी सामग्री बेचने की सुविधा मिले एवं बाजिव कीमतें भी मिल सके।

इस दौरान सांसद उइके एवं कलेक्टर बैंस ने भी जैविक खाद्यान्न एवं अन्य सामग्री भी खरीदी।

हाट बाजार की सफलता की कहानी, जैविक उत्पादक किसानों की जुबानी

जैविक हाटबाजार में अपने उत्पादों का विक्रय करने आईं विकासखंड भैंसदेही के ग्राम चिल्कापुर की जैविक उत्पादक किसान मंजूलता साहू ने बताया कि वे पिछले 17 वर्षों से जैविक खेती कर रही हैं एवं दो साल पहले मध्यप्रदेश राज्य जैविक प्रमाणीकरण संस्था द्वारा उनके उत्पादों को प्रमाणीकृत किया गया है। वे जैविक गेहूं, तुअर, मूंगफली, मक्का एवं सोयाबीन की खेती करती हैं। इसके साथ ही जैविक कीटनाशक, जैविक खाद का निर्माण भी करती हैं।

उन्होंने बताया कि सोमवार को ही जैविक हाट बाजार में उन्हें एक क्विंटल जैविक गेहूं, 10 किग्रा तुअर दाल, 10 किग्रा चना एवं दो किग्रा जैविक मूंगफली दाने का ऑर्डर मिला है। साथ ही तीन किग्रा जैविक च्यवनप्राश विक्रय हो चुका है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर जैविक हाट बाजार खुलने से उन्हें अपने उत्पादों का विक्रय करने के लिए एक स्थान मिल गया है। इससे पहले उन्हें विभिन्न स्थानों पर जाकर उत्पादों का विक्रय करना पड़ता था।

जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम सोहागपुर से जैविक हाट बाजार में अपने उत्पादों का विक्रय करने आए स्वदेश चौधरी ने बताया कि रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभाव को देखते हुए उन्होंने दस वर्ष पूर्व जैविक खेती प्रारंभ की थी। उनके उत्पाद मध्यप्रदेश राज्य जैविक प्रमाणीकरण संस्था द्वारा प्रमाणीकृत हैं। उन्होंने बताया कि जैविक खेती के प्रति धीरे-धीरे जागरूकता आ रही है। आमजन भी जैविक उत्पादों के उपयोग के प्रति जागरूक हो रहे हैं। जैविक हाट बाजार शुरू होने से उन्हें उनके जैविक उत्पादों का विक्रय करने में आसानी होगी।

विकासखंड आमला के ग्राम बोरीखुर्द के जैविक उत्पादक अंगद यादव ने बताया कि उन्होंने सात साल पहले प्रायोगिक तौर पर जैविक सब्जियों का उत्पादन शुरू किया था, धीरे-धीरे बाजार में जैविक सब्जियों के साथ-साथ जैविक खाद्यान्न की भी मांग बढऩे लगी। अब उन्होंने काला गेहूं, मूंग एवं अलसी का उत्पादन प्रारंभ किया है, जिसकी उपभोक्ताओं में काफी मांग है। उन्होंने अपेक्षा की कि विकाखंड मुख्यालयों पर भी इस तरह के जैविक हाट बाजार प्रारंभ किए जाना चाहिए। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

इंदौरः टीकाकरण से वंचित लोगों की जानकारी जुटाने के लिये होगा घर-घर सर्वे

Tue Aug 24 , 2021
इंदौर। जिले में कोरोना की रोकथाम एवं बचाव के लिये नागरिकों को टीका लगाने का कार्य व्यापक स्तर पर जारी है। कोरोना टीकाकरण की गुणवत्ता एवं सार्वभौमिकता सुनिश्चित करने के लिये टीकाकरण कार्य का ऑडिट एवं वेरीफिकेशन किया जायेगा। इसके लिये कलेक्टर मनीष सिंह ने सोमवार को जिले में 36 वरिष्ठ अधिकारियों को जवाबदारी सौंपी […]