देश

भूपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की, JJP का भी सामने आया बयान

चंडीगढ़। हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन और जेजेपी के साथ गठबंधन टूटने पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की तरफ से प्रतिक्रिया सामने आई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बीजेपी ने नैतिक रूप से अपनी हार स्वीकार कर ली है। लोगों ने कांग्रेस सरकार बनाने का फैसला कर लिया है।

कांग्रेस ने राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी ने हरियाणा में शासन करने का नैतिक अधिकार खो दिया है। बीजेपी-जेजेपी गठबंधन एक ‘ठगबंधन’ था। राष्ट्रपति शासन लागू कर विधानसभा चुनाव कराया जाना चाहिए। दरअसल, हरियाणा में मुख्यमंत्री को ऐसे समय में बदला गया है, जब लोकसभा चुनाव की घोषणा होने में कुछ ही दिन बचे हैं।

जेजेपी का सामने आया बयान
जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह ने कहा कि आज की मीटिंग में जो भी निर्णय हुआ,वो कल हिसार की रैली में बताएंगे। दुष्यंत चौटाला ने अपनी सिक्योरिटी और गाड़ियों का काफिला वापस भेज दिया है।


सैनी होंगे नए मुख्यमंत्री
बता दें कि हरियाणा की राजनीति में मंगलवार को हुए एक नाटकीय घटनाक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और इसके कुछ ही देर बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद पार्टी विधायक सुभाष सुधा और जेपी दलाल ने घोषणा की कि सैनी राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे।

सैनी कुरुक्षेत्र से सांसद हैं
अन्य पिछड़ा वर्ग से ताल्लुक रखने वाले सैनी कुरुक्षेत्र से सांसद हैं और पिछले साल अक्टूबर में उन्हें प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सैनी ने प्रदेश संगठन में कई पदों पर जिम्मेदारी संभाली है। वह भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी कई दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। साल 2012 में उन्हें भाजपा ने अंबाला का जिला अध्यक्ष बनाया था और फिर साल 2014 में वह नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचे। वह हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री भी रहे हैं। साल 2019 में वह कुरुक्षेत्र से सांसद चुने गए।

Share:

Next Post

बोरीवली में निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरने से तीन मजदूरों की मौत, एक की हालत गंभीर

Tue Mar 12 , 2024
डेस्क। मुंबई के बोरीवली में बड़ा हादसा हो गया। यहां मंगलवार को एक निर्माणाधीन इमारत के मचान का कुछ हिस्सा ढह जाने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने बताया कि घटना दोपहर करीब एक बजे सोनी वाडी इलाके में कल्पना चावला चौक पर हुई। नगर […]