बड़ी खबर मध्‍यप्रदेश राजनीति

मप्र में कांग्रेस को बड़ा झटका, विदिशा के पूर्व विधायक शंशाक भार्गव समेत कई नेता भाजपा में शामिल

भोपाल (Bhopal)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Chief Minister Dr. Mohan Yadav), पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा (Vishnudatt Sharma), पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान (Former Chief Minister Shivraj Singh Chauhan), प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा एवं वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी के समक्ष प्रदेश कार्यालय में मंगलवार शाम को विदिशा के पूर्व विधायक शशांक भार्गव (Former MLA Shashank Bhargava) समेत कांग्रेस के कई नेता और पदाधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, पूर्व मुख्यमंत्री चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया।


पूर्व विधायक शशांक भार्गव के अलावा भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं में रायसेन के जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास शर्मा, विदिशा नगर अध्यक्ष सुरेश मोतियानी, कांग्रेस कमेटी के ब्लाक अध्यक्ष नरेन्द्र रघुवंशी, पंचायती राज विभाग के अध्यक्ष दीवान किरार, जिला उपाध्यक्ष देवेन्द्र राठौर, नगर पालिका परिषद के पार्षद राजू दांगी, जिला उपाध्यक्ष सुनील खत्री, रायसेन के युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विक्की भदौरिया, युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष सौरभ मीना, युवा कांग्रेस के रमन मेहरा, कृष्ण विश्वकर्मा, नर्मदापुरम संसदीय क्षेत्र से जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बीनू बुधौलिया, जिला कार्यकारी अध्यक्ष शिवराज चंद्रोल, नरसिंहपुर जिले के करेली के पूर्व प्रदेश सचिव संजीव मिश्रा, हेमरा सरपंच मुरलीधर पटेल, तेन्दूखेडा कांग्रेस प्रवक्ता सुनील मोदी, तेन्दूखेडा के ब्लॉक सेवादल अध्यक्ष श्रीकांत मोदी, तेन्दूखेडा आईटी सेल अध्यक्ष नयन मोदी, कांग्रेस कमेटी के रायसेन जिला महामंत्री संतोष समेले, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री एडव्होकेट श्याम कुमार चांडक, कांग्रेस के प्रदेश सचिव बलवीर चौहान शामिल हैं।

भाजपा सबके मान-सम्मान का ख्याल रखती हैः डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का परिवार निरंतर बढ़ रहा है। भाजपा में छोटे से कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी मिलती है। हो सकता है कि आगामी दिनों में आपको भी पार्टी में बड़ा मौका मिल जाए। पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर आप सभी पार्टी में शामिल हुए। हम सब मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काम करेंगे। भारत को दुनिया में और प्रदेश को नंबर एक प्रदेश बनाने की दिशा में मिलकर काम करना है। भाजपा सबके मान-सम्मान और स्वाभिमान का पूरा सम्मान करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके क्षेत्र के विकास के लिए जो भी बेहतर होगा वह किया जाएगा।

भार्गव के साथ विदिशा की पूरी कांग्रेस भाजपा में शामिल हो गईः शर्मा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देश भर में हर बूथ पर भारतीय जनता पार्टी का सदस्यता अभियान चल रहा है। समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भी बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं। विदिशा में पूर्व विधायक शशांक भार्गव ही कांग्रेस को जीवित किए हुए थे। आज भार्गव के साथ विदिशा जिले की पूरी कांग्रेस पार्टी ही भाजपा में शामिल हो गई है। भाजपा में नौजवानों के साथ काम करने में प्रधानमंत्री मोदी का फोकस है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कार्य करने के लिए आप सभी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।

शर्मा ने कहा कि भाजपा एक परिवार है। आप सभी इस परिवार के अभिन्न सदस्य बनकर हम सभी के साथ काम करेंगे। भाजपा में कार्य करने का क्षेत्र सीमित नहीं है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह अभियान देश को सर्वश्रेष्ठ बनाने और मध्यप्रदेश की छिंदवाड़ा सहित सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय के लिए है। शशांक भार्गव के भाजपा में आने से विदिशा से पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता शिवराजसिंह चौहान अब 10 लाख वोटों से लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करेंगे।

विदिशा के जन नेता हैं शशांक भार्गवः शिवराज
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शशांक भार्गव जननेता हैं। विदिशा में भार्गव कांग्रेस का नेतृत्व करने वाले और पार्टी के सबसे सशक्त चेहरा थे। वे वहां से पांच बार चुनाव लड़े। अलग-अलग दलों से हम विदिशा में चुनाव लड़ते रहे, लेकिन मित्र भी रहे हैं। आज भाजपा की रीति-नीति व प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर वे हमारे परिवार में शामिल हो रहे हैं। जब भार्गव कांग्रेस में थे, तब भी मैं उनका आदर करता था। आज कांग्रेस की दिशा-दशा और दृष्टि अलग है, इस कारण और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में जो विकास के कार्य हुए हैं, उससे प्रभाति होकर भार्गव को लगा कि वे भाजपा में शामिल होकर ही जनता की सेवा कर सकते हैं। विदिशा, नरसिंहपुर और रायसेन के नेता पार्टी में आए हैं, मैं उनका हृदय से भाजपा परिवार में स्वागत करता हूं।

Share:

Next Post

बुधवार का राशिफल

Wed Mar 27 , 2024
युगाब्ध-5125, विक्रम संवत 2080, राष्ट्रीय शक संवत-1945 सूर्योदय 06.14, सूर्यास्त 06.20, ऋतु – बसंत चैत्र कृष्ण पक्ष द्वितीया, बुधवार, 27 मार्च 2024 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल। मेष राशि :- आज […]