भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

भाजपा 90 प्रतिशत तक चुनाव जीती है

  • जहां कांग्रेस के महापौर, वहां भी भाजपा को बहुमत
  • विजय के उत्सव में मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने दी कार्यकर्ताओं को बधाई
  • 76 में 65 नगरपालिका और 255 में 185 परिषद जीती

भोपाल। मध्यप्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव परिणाम में भारतीय जनता पार्टी 90 प्रतिशत तक चुनाव जीती है। जहां कांग्रेस के महापौर है वहां भी भारतीय जनता पार्टी का बहुमत है। नगरीय निकाय और नगर परिषदों में हमने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। जिस प्रकार भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत, केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाएं नीचे स्तर तक पहुंची है और जनता ने जो विश्वास व्यक्त किया है, नगरीय निकाय में भाजपा की जीत जनता के विश्वास की जीत है। प्रदेश की जनता के हम आभारी है। हम संकल्प व्यक्त करते है कि जनता के विश्वास को टूटने नहीं देंगे। सबके साथ मिलकर बेहतर से बेहतर काम करेंगे और मध्यप्रदेश को और आगे ले जायेंगे। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में आयोजित विजय उत्सव के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
नगरीय निकाय चुनाव के नतीजों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इतिहास रचा है। मैं वर्ष 1985 से पार्टी में काम कर रहा हूं। इतनी अच्छी सफलता पहले कभी नहीं मिली। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त किया और चुनकर आए जनप्रतिनिधियों, भाजपा के पदाधिकारियों, विधायक-सांसद, कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता के कल्याण और नगरों के विकास में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम के परिणाम भाजपा के लिए संतोषजनक हैं। 16 में से भाजपा के नौ महापौर जीते हैं। एक में हमारी की कार्यकर्ता जीती हैं। जिन नगर निगमों में हमारे महापौर नहीं जीत पाए, वहां भी भाजपा के पार्षद ज्यादा हैं। कांग्रेस की जीत तो अधूरी है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की बात करें तो 76 में से 65 में भाजपा अपना अध्यक्ष बनाने जा रही है और कांग्रेस ने सिर्फ 11 में सफलता पाई है। नगर परिषद में तो भाजपा ने कांग्रेस को पूरी तरह साफ कर दिया है। 255 परिषद में चुनाव हुआ है। इसमें से 185 में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला। जबकि 46 में कांग्रेस से काफी आगे हैं। यानी 231 नगर परिषद में भाजपा को सफलता मिली है। वहीं कांग्रेस 24 में जीती है।


पिछले चुनाव से 32 प्रतिशत अधिक सफल
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2014 में संपन्न नगरीय निकाय चुनाव से तुलना करते हुए बताया कि इस बार हमें 30 से 32 प्रतिशत अधिक सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि 2014 में 98 नगर पालिकाओं में चुनाव हुआ था। इसमें से 54 में भाजपा जीती थी, जो 55 प्रतिशत होता है। इस बार जीत का प्रतिशत 85 हो गया है। ऐसे ही 264 नगर परिषद के चुनाव में से भाजपा को 154 में सफलता मिली थी, जो 58.3 प्रतिशत होता है और इस बार 90 प्रतिशत में सफल हुए हैं। चुनाव में कांग्रेस के सफलता मानने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मन को बहलाने को गालिब ख्याल अच्छा है। मैंने आंकड़े बताए। उसके बाद भी वे जश्न मनाएं, तो अच्छा है।

इन निकायों में भाजपा का प्रदर्शन अच्छा
मुख्यमंत्री ने बताया कि रायसेन, राजगढ़, सागर, जबलपुर, सिवनी, देवास, सीहोर, नरसिंहपुर, रीवा, मुरैना जिलों की नगर परिषदों और विदिशा, सीहोर, सागर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर जिलों की नगर पालिकाओं में भाजपा का प्रदर्शन शतप्रतिशत रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने इसे ऐतिहासिक सफलता बताते हुए भाजपा नेतृत्व, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कटनी में जीतीं प्रत्याशी भाजपा की ही कार्यकर्ता थीं। उन्हें बधाई देता हूं और भरोसा दिलाता हूं कि कटनी के विकास में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर साथ देंगे। कटनी में भी 45 में से 27 भाजपा के पार्षद जिताए हैं।

Share:

Next Post

WhatsApp में आया सबसे जरूरी फीचर, लंबे समय से था यूजर्स को इंतजार

Thu Jul 21 , 2022
नई दिल्ली। WhatsApp ने आखिरकार iPhone से ऐंड्रॉयड और ऐंड्रॉयड से iPhone पर चैट हिस्ट्री को ट्रांसफर करने वाला शानदार फीचर रोलआउट कर दिया है। कंपनी ने इस फीचर को सभी यूजर्स के लिए रिलीज किया है। इसकी जानकारी वॉट्सऐप ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट करके दी। अब तक यह फीचर केवल […]