
नई दिल्ली/पटना । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन (BJP President Nitin Naveen) युवा और ऊर्जावान नेता हैं (Is young and energetic Leader) । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित शीर्ष नेताओं ने बधाई और शुभकामनाएं दीं ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देते हुए उन्हें एक युवा और ऊर्जावान नेता बताया। पीएम मोदी ने लिखा: “एक युवा और ऊर्जावान नेता के रूप में उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को सशक्त करने के लिए स्वयं को पूर्ण समर्पण के साथ समर्पित किया है। उनकी सोच, ऊर्जावान नेतृत्व और संगठनात्मक कार्य व प्रशासन की गहरी समझ ने उन्हें व्यापक सम्मान दिलाया है। उनका कार्य सेवा और राष्ट्र निर्माण के आदर्शों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नितिन नवीन के सरल व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठन के प्रति उनका समर्पण और कार्यकर्ताओं में कर्तव्य भाव को बढ़ावा देने का सतत प्रयास पार्टी को और भी सशक्त बनाता रहेगा। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि नितिन नवीन ने बेहद कम समय में अपनी सक्रिय कार्यशैली, संगठनात्मक समझ और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की क्षमता से सभी के बीच एक विशेष पहचान बनाई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें ‘युवा ऊर्जा का प्रतीक’ बताते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में संगठन और कार्यकर्ताओं में ‘राष्ट्र प्रथम’ का भाव और सुदृढ़ हुआ है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी बधाई संदेश में लिखा कि उनकी दूरदर्शी सोच और समर्पित कार्यशैली से संगठन निरंतर सशक्त हो रहा है।
बिहार की राजनीति में भी भाजपा अध्यक्ष के जन्मदिन को लेकर भारी उत्साह देखा गया। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नितिन नवीन को बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की मंगलकामना की। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने मां जानकी से उनके यशस्वी और दीर्घ जीवन की प्रार्थना की। बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरोवगी ने नितिन नवीन को अथक परिश्रमी और करोड़ों कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि उनका राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण हम सबके लिए हमेशा प्रेरणा का स्तंभ बना रहेगा।
भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने उनके राजनीतिक सफर को रेखांकित करते हुए लिखा कि विगत 21 वर्षों से सेवा की भावना के साथ काम करते हुए नितिन नवीन आज करोड़ों कार्यकर्ताओं के ‘रोल मॉडल’ बन चुके हैं। नितिन नवीन के जन्मदिन के इस अवसर पर देश और राज्यभर के भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और सभी उनके दीर्घायु जीवन की कामना कर रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved