भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

भाजपा विकास के मुद्दे पर ही लड़ेगी उपचुनाव

  • मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस की लिए करो या मरो की लड़ाई

भोपाल। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से चुनावी मूड में आ गई है। पार्टी नेता रोजाना अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की वर्चुअल सभाएं ले रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उपचुनाव विकास के मुद्दे पर ही होगा। आने वाले चुनाव कांग्रेस के लिए करो या मरो की लड़ाई हैं, इसलिए हमारे कार्यकर्ताओं को भी अपने अंदर किलिंग इंस्टिक्ट पैदा करना होगी। उन्होंने कहा कि यह साधारण नहीं, बल्कि सरकार को स्थाई और स्थिर बनाने का चुनाव है। हमारे पास समय कम है, इसलिए सभी लोग कैलेंडर बनाकर उसके अनुसार काम करें। चौहान ने कहा कि हमें इस चुनाव को विकास के मुद्दे पर ले जाना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जन कल्याण की अनेकों योजनाएं प्रदेश में लागू की हैं, हमें उन पर फोकस करना होगा। सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए चौपाल बैठकें और घर-घर संपर्क का काम भी शुरू कर दें। हमें अपने मन में यह भाव बिठाना होगा कि अभी नहीं तो कभी नहीं, इसलिए कार्यकर्ता मन में आत्मसंतोष न पालें और ओवर कॉन्फिडेंस में ना रहें। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने इतने कम समय में ढेरों काम किए हैं और यह सभी काम चुनाव की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण हैं। हमें इन कामों को जनता तक ले जाना होगा। हाल ही में सरकारी नौकरियों में सिर्फ मध्यप्रदेश के युवाओं को अवसर देने का जो निर्णय लिया है, वह इसका जीवंत उदाहरण है। हमें इन निर्णयों को जनता तक ले जाना होगा और उनका महत्व समझाना होगा। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के पास झूठ के सिवा कुछ नहीं है। वह लगातार झूठ फैलाने और असंतोष पैदा करने की कोशिश कर रही है, लेकिन हमें इसका उसी तरीके से जवाब देना होगा। वर्चुअल सभा को राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी संबोधित किया।

Share:

Next Post

गांवों को बनाएंगे आत्मनिर्भर

Wed Aug 19 , 2020
मुख्यमंत्री ने मनरेगा कार्यों की समीक्षा बैठक ली भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने के लिए ग्रामों का आत्मनिर्भर होना आवश्यक है। ग्रामों को आत्मनिर्भर बनाने में मनरेगा योजना अत्यंत सहायक सिद्ध हो सकती है। योजना में इस वर्ष 20.50 करोड़ मानव दिवस का लेबर बजट केन्द्र सरकार द्वारा […]