भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

भाजपा के पन्ना प्रमुख जिताएंगे उपचुनाव

  • 8 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथों पर पन्ना प्रमुख नियुक्त

भोपाल। मप्र में उपचुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपने अपने स्तर पर पूरी तैयारी कर ली है। हर विधानसभा क्षेत्र में बैठकों और प्रचार-प्रसार का दौर जारी है। इस बीच भाजपा ने हर बूथ पर पन्ना प्रमुख की नियुक्ति कर दी है। इन पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी मतदाता सूची के हर पन्ने पर नजर रखने की होगी। कांग्रेस भी दावा कर रही है कि उसकी भी बूथ स्तर पर तैयारी पूरी है। 28 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा बूथ स्तर तक रणनीति तैयार कर रही है। इसी के तहत भाजपा ने खुद को मजबूत करने के लिए 8 हजार से ज़्यादा पन्ना प्रभारियों को मुस्तैद कर दिया है। यह पन्ना प्रभारी संबंधित विधानसभा क्षेत्र में वहां के बूथ के लिए तैयारी करेंगे और मतदाताओं पर नजर बनाएंगे। भाजपा का दावा है कि उसने उपचुनाव के लिए बूथ स्तर तक तैयारी कर ली है। इसके लिए लगातार भोपाल से लेकर संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में बैठकों के दौर जारी हैं। मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा हर बूथ पर पन्ना प्रमुख की नियुक्ति की गई है। बूथ पर आने वाली मतदाता सूची में जितने पन्ने होते हैं। उतने ही भाजपा के पन्ना प्रमुख हैं। इन पन्ना प्रमुख की मुख्य जिम्मेदारी हर वोटर तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाना और वोटर को अपने पक्ष में करने की होती है।

कांग्रेस भी मैदान में तैयार
भाजपा की तरह कांग्रेस का दावा भी है कि उसकी उपचुनाव को लेकर तैयारियां पूरी हैं। संगठन स्तर पर भी उपचुनाव की हर चरण की तैयारी पूरी कर ली गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी ने बताया कि भाजपा की 15 साल की सरकार और हमारी 15 महीने की सरकार में जमीन आसमान का अंतर है। बूथ स्तर पर जनता के बीच हमारे कार्यकर्ता इस बात को लेकर जा रहे हैं। जिन लोगों ने हमारी सरकार गिराई है, जनता उन्हें उपचुनाव में सबक सिखाएगी। सुरेश पचौरी ने यह भी कहा कि भाजपा भले ही कितनी तैयारी कर ले, उपचुनाव में जीत कांग्रेस की होगी। जनता सब कुछ समझ चुकी है।

3 नवंबर को मतदान, 10 को परिणाम
चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों के लिए 3 नवंबर को उपचुनाव होगा जबकि नतीजे 10 नवंबर को आएंगे।

Share:

Next Post

Bigg Boss 14: राधे मां की एंट्री, हैरान कर देगी उनकी फीस

Thu Oct 1 , 2020
सबसे ज्यादा फीस लेने वाली कंटेस्टेंट बनने जा रही हैं राधे मां मुंबई। टेलीविजन का सबसे कॉन्ट्रोवर्शियल रियलिटी शो एक बार फिर से नए सीजन के साथ वापसी करने को तैयार है। शो के 14 सीजन को लेकर फैंस खासा एक्साइटेड है। खासकर कंटेस्टेंट की लिस्ट को लेकर। इस बार सबसे चर्चित कंटेस्टेंट हैं राधे […]