भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

ठंड के तेवर और तीखे होने के आसार

  • राजधानी में सीजन की सबसे सर्द रात, पारा लुढ़ककर 7.4 डिग्री पर पहुंचा

भोपाल। अरब सागर और मध्य प्रदेश पर बने ऊपरी हवा के चक्रवात अब समाप्त हो चुके हैं। इस वजह से अब मौसम में नमी नहीं आ रही है, जिससे बादल छंटने लगे हैं। हालांकि पिछले 5 दिनों में प्रदेश में कई स्थानों पर हुई बरसात के कारण राजधानी सहित प्रदेश के कई शहर और क्षेत्र कोहरे से ढंके रहे, लेकिन शुक्रवार को सुबह से ही धूप खिली, लेकिन ठंड के तेवर बढ़े हुए हैं। वहीं हवा का रुख एक बार फिर से उत्तरी होने से सर्द हवाओं का दखल बढ़ गया है। मौसम साफ होते ही ठिठुरन बढऩे के आसार हैं। राजधानी भोपाल में सीजन की सबसे सर्द रात रही। कोहरा छंटने के साथ ही पारा 4 डिग्री की रिकॉर्ड गिरावट के साथ 7.4 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले गुरुवार की रात को पारा 10.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वहीं प्रदेश में दतिया में सबसे ज्यादा ठिठुरन रही, यहां पर न्यूनतम तापमान 3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मध्य प्रदेश के 23 शहरों और क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी जीडी मिश्रा ने बताया कि पिछले 15 दिन में लगातार चार पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दाखिल हो चुके हैं। उनके प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ों पर जबरदस्त बारिश और बर्फबारी हुई है। पहाड़ों पर बर्फ की मोटी चादर सी बिछ गई है। हाल ही में अरब सागर और मप्र के मध्य में बने चक्रवात भी बुधवार को समाप्त हो गए हैं। फिलहाल कोई वेदर सिस्टम भी सक्रिय नहीं है। इस वजह से हवा का रुख भी उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हो गया है। उत्तर भारत के पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं ने मध्य प्रदेश में सिहरन बढ़ा दी है।
मिश्रा के मुताबिक, इसी वजह से रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो चुका है। वातावरण में नमी कम होने से गुरुवार से कोहरा भी तेजी से छंटने लगा है। इससे गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी धूप निकली है और दिन के अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक इजाफा हुआ है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है, इस दौरान कुछ क्षेत्रों में शीतलहर भी चल सकती है।

Share:

Next Post

बीडीए की 13 कॉलोनियों में मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं

Fri Dec 18 , 2020
भोपाल। नगर निगम ने सरकारी कॉलोनियों के हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गुरुवार को भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) की कुल 13 कॉलोनियां नगर निगम को सौंप दीं गईं। अधिकारियों ने बताया कि हस्तांतरण के बाद इन कॉलोनियों में नगर निगम द्वारा दी जाने वाली सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। अभी तक इन कॉलोनियों […]