भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

मुख्यमंत्री कल रायसेन में करेंगे राज्य स्तरीय जलाअभिषेक अभियान का शुभारंभ

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 11 अप्रैल को रायसेन जिले की गैरतगंज तहसील में राज्य स्तरीय जल संसद कार्यक्रम में वीडियों कॉन्फ्रेंन्स के माध्यम से जलाभिषेक अभियान का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री प्रदेश के नागरिकों को संबोधित भी करेंगे। प्रदेश के सभी जिलों की प्रत्येक ग्राम पंचायत में भी जल अभिषेक अभियान के कार्यों का प्रदेश व्यापी शुभारंभ होगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन कर वर्षा जल संरक्षण तथा भूजल संवर्धन कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम दोपहर 12.00 बजे से प्रारंभ होगा। इसके पहले सुबह 9.00 बजे से सभी जिलों की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन कर वर्षा जल संरक्षण तथा भूजल संवर्धन के नवीन कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।



ग्राम सभा का आयोजन उसी स्थान पर किया जाएगा। जहां पर वृहद आकार का कोई नवीन कार्य प्रारंभ किया जायेगा। ग्राम सभा के इस आयोजन में सांसद, मंत्री, विधायक तथा पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी उनकी सुविधा अनुसार सहभागी बनने आमंत्रित किया जाएगा।
ग्राम सभा में ग्रामीणों की समुचित उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। ग्राम सभा में ग्राम पंचायत के सभी सदस्य, विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत व्यक्ति मूलक तथा सामुदायिक जल संरक्षण व संवर्धन कार्यो के हितग्राहियों, पुष्कर धरोहर अभियान और वाटरशेड परियोजनाओं के उपयोगकर्ता समूहों के सदस्य अमृत सरोवर के उपयोगकर्ता समूहों के सदस्य, देवारण्य उपयोजना के हितग्राहियों, कृषि व जल संरक्षण पर आधारित महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों और मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के प्रतिनिधियों को अनिवार्यत: आमंत्रित किया जाएगा। ग्राम सभा के पश्चात कार्य स्थल जहां पर वर्षा जल संरक्षण तथा भूजल संवर्धन के नवीन कार्य का शुभारंभ हुआ है वहां से ग्राम पंचायत कार्यालय तक जल यात्रा का आयोजन किया जाये। इस जल यात्रा में ग्राम सभा के सहभागियों के अलावा अन्य ग्रामीण भी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में रायसेन जिले में आयोजित राज्य स्तरीय जल संसद के कार्यक्रम का संबोधन सुनने के लिए सभी जिला पंचायतों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में आवश्यक व्यवस्था की जायेगी।

Share:

Next Post

राज्यसभा जाने के लिए अरूण बहा रहे पसीना

Sun Apr 10 , 2022
जून में कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा का कार्यकाल हो रहा पूरा नए दावेदार अरुण यादव को दिग्विजय का सपोर्ट भोपाल। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलाकात के बाद अरूण यादव ने प्रदेश में सक्रियता बढ़ा दी है। कांग्रेस के सूत्रों का कहना है की यादव राज्यसभा सांसद बननके लिए अचानक सक्रिय […]