भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

ठिठुरन बढ़ी, दिन में भी छूटी कंपकपी

भोपाल। प्रति घंटे 10 -15 किलोमीटर की रफ्तार से चलने वाली सर्द हवाओं के कारण दिन में भी ठिठुरन महसूस होने लगी है। इधर, चिकित्सकों का कहना है कि ठंड के मौसम में खासकर वृद्धजन व बच्चों को ज्यादा सतर्कता की आवश्यकता है। उत्तर भारत में हुई बर्फबारी व पश्चिमी विक्षोभ के कारण जिले के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। उत्तर भारत के पहाड़ बर्फबारी से पट गए हैं। वहां से मैदानी इलाकों की तरफ आ रही बर्फीली हवाओं से मध्यप्रदेश ठिठुरने लगा है। न्यूनतम तापमान तीन डिग्री पर आ चुका है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी ठंड के तीखे तेवरों से राहत की उम्मीद भी नहीं दिख रही है। हालांकि 20 दिसबंर को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत पहुंचने की संभावना है, लेकिन यह सिस्टम कमजोर है। इस वजह से इसका मौजूदा मौसम के मिजाज पर विशेष प्रभाव पडऩे के आसार कम ही हैं। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तर भारत क ड़ाके की सर्दी की चपेट में हैं। हवा का रुख लगातार उत्तरी बना हुआ है। साथ ही हवा की रफ्तार भी 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा बनी हुई है। वर्तमान में प्रदेश और आसपास कोई वैदर सिस्टम भी सक्रिय नहीं है। इस वजह से वातावरण में नमी भी नहीं है। इससे आसमान साफ है और कोहरा भी गायब है। मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहने के कारण ही दिन और रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। ठंड के तीखे तेवरों से अभी राहत मिलने की संभावना भी नहीं है।

पश्चिमी विक्षोभ की आवृति कमजोर है
अजय शुक्ला ने बताया कि 20 दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में दाखिल होने की संभावना है। आवृति कम होने के कारण इस सिस्टम का मौजूदा मौसम के मिजाज पर असर होने की उम्मीद कम ही है। इस वजह से 24 दिसंबर तक ठंड के तेवर तीखे बने रह सकते हैं। इस दौरान प्रदेश के कुछ और हिस्से भी शीतलहर की चपेट में आ सकते हैं। इस दौरान चने, आलू, हरी सब्जियों की फसल पर पाला पडऩे की भी आशंका बढ़ गई है।

Share:

Next Post

बांध सुरक्षा की बड़ी पहल

Sun Dec 20 , 2020
– प्रमोद भार्गव भारत सरकार ने देशभर के बांधों को सुरक्षित रखने की दृष्टि से 10,211 करोड़ रुपए का बजट आबंटित किया है। ‘बांध पुनर्वास और सुधार कार्यक्रम’ (डीआरआईपी) के अंतर्गत यह दिया गया है। दो चरणों में बांधों की मरम्मत होगी। बांध संख्या के लिहाज से भारत तीसरे स्थान पर है। देश में कुल […]