
बुकावु। पूर्वी कांगो में रविवार को बड़ा नाव हादसा हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, लेक किवु में व्यापारियों को लेकर जा रही एक नाव शनिवार रात पलट गई। हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
किस्केहे गांव के प्रमुख फेलिक्स हाबिरागी के अनुसार, नाव में 50 से अधिक लोग सवार थे। यह हादसा दक्षिण किवु प्रांत के इदज्वी क्षेत्र में हुआ। हादसे के बाद इलाके में राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि नाव आखिर किस वजह से पलटी, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी है। हादसे की जांच की जा रही है। लेक किवु में इससे पहले भी नाव दुर्घटनाएं सामने आती रही हैं, जिनमें अधिक भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल उठते रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved