देश मध्‍यप्रदेश राजनीति

दुनिया में कांग्रेस ऐसा अजूबा है जिसमें कोई अध्यक्ष नहीं : शिवराजसिंह 

भोपाल। सरकार, सरकार में फर्क होता है। हम विकास के लिए काम करते हैं और कांग्रेस विनाश (Congress destruction) के लिए। दिग्विजयसिंह (Digvijay Singh) ने मुख्यमंत्री रहते प्रदेश को तबाह और बर्बाद कर दिया था। प्रदेश के विनाश की कहानी दिग्विजयसिंह ने लिखी थी। सड़कों में गढ्ढे हैं या गढ्ढों में सड़कें पता ही नहीं चलता था। दिग्विजयसिंह (Digvijay Singh) ने पानी की एक बूंद की व्यवस्था तक नहीं की। जब कमलनाथ मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने बनते हुए बांधों को रोकने का पाप किया। विकास के काम रोक दिये। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने शनिवार को खण्डवा लोकसभा के फोफनार, कालमुखी और सतवास में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने पार्टी प्रत्याशी श्री ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में देवास जिले के कालम फाटा, बईजागवाडा, नमनपुर, नारायणपुरा, खपरास, भंडारिया, मसुरिया, खेर-खेडा, गरडी, झबारिया, पांगरी फाटा, सतवास सहित अनेक गांवों में जनसंपर्क भी किया।

कांग्रेस सरकार में विकास बंद,  सिर्फ कमीशन चालू था

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने जनसभा में कहा कि हमने जितनी गरीब कल्याण की योजनाएं बनायी थीं, उन सभी योजनाओं को कांग्रेस ने बंद कर दिया था। विकास के काम बंद करके,  सिर्फ कमीशन का काम चालू था। हमने किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर कर्ज देने का काम किया, कमलनाथ ने वह भी बंद कर दिया था। कांग्रेस ने संबल योजना में मिलने वाले गरीबों को अंतिम संस्कार के 5 हजार रूपए भी छीन लिए थे। भाजपा की सरकार ने संबल फिर से चालू कर दी है। मुख्यमंत्री ने सभा में उपस्थित जनता से पूछा कि हम विकास के जो काम कर रहे हैं वैसे कभी कांग्रेस ने किए थे क्या? ऐसी कांग्रेस को वोट देने का कोई फायदा है क्या? उन्होंने कहा कि सच का साथ दीजिए, विकास का साथ दीजिए और भाजपा का साथ दीजिए।


कांग्रेस ऐसा अजूबा, जिसमें अध्यक्ष नहीं

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि दुनिया में कांग्रेस ऐसा अजूबा है जिसमें कोई अध्यक्ष नहीं है। अभी कार्यकारी अध्यक्ष मैडम सोनिया गांधी हैं। वहीं जी-23 एक अलग ग्रुप बना हुआ है। वहीं राहुल गांधी जी कांग्रेस में कुछ नहीं हैं, लेकिन मुख्यमंत्री हटाने का फैसला राहुल गांधी कर देते हैं। कांग्रेस राजनीतिक दल न होकर सर्कस बन गई है। पंजाब में कैप्टन साहब चल रहे थे उनको हटाकर चन्नी साहब को मुख्यमंत्री बना दिया। छत्तीसगढ़ में भी 50-50 चल रहा है, वो कह रहे हैं कि ढाई साल मुझे दो। राजस्थान में पायलेट और गेहलोत साहब अलग चल रहे हैं।

पहले सुभाष यादव जी को रोका, अब उनके बेटे का रास्ता रोक रही कांग्रेस

श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश कांग्रेस में तो सिर्फ कमलनाथ ही हैं। मुख्यमंत्री बनना हो तो कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष बनना हो तो कमलनाथ, कांग्रेस का अध्यक्ष बनना हो तो कमलनाथ, स्टार प्रचारक बनाना हो तो कमलनाथ, युवाओं के नेता नकुलनाथ और बाकी कांग्रेस अनाथ हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी का भला नहीं कर सकती। यह कांग्रेस ही है, जिसने स्वर्गीय सुभाष यादव जी को मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया और उनके बेटे अरूण यादव को तो सांसद भी नहीं बनने दे रही है।

मैं मुख्यमंत्री नहीं, आपका भाई, बेटा और मामा हूं

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार गांव, गरीब और किसानों की सरकार है। किसी को संकट आ जाये तो उसे बिना इलाज के नहीं रहने देंगे। उन्होंने कहा कि मैं कोई मुख्यमंत्री नहीं हॅू, आपके घर का भाई, बेटा और मामा हॅू। इसी परिवारभाव से हम सरकार चला रहे हैं। मध्यप्रदेश मेरे लिए अपना साढ़े 8 करोड़ लोगों का परिवार है, इनके सुख-दुख की चिंता हमें करनी है।

स्वर्गीय नंदू भैया हमारे लिए हमेशा आदर्श रहेंगे

उन्होंने कहा नंदू भैया के द्वारा किये हुये सभी वादे पूरे किये जायेंगे, वे क्षेत्र की जनता के लिये जीते थे यहां का संर्वागीण विकास ही उनकी प्राथमिकता थी। वे हमारे लिये हमेशा आदर्श रहेंगे। भाजपा की सरकार और शिवराज सिंह चौहान उनके अधूरे कामों को पूरा करवायेगा। भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनायें और खंडवा लोकसभा क्षेत्र के विकास की राह को मजबूत बनायें।

इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री बंशीलाल गुर्जर, प्रदेश सरकार के मंत्री श्री हरदीप सिंह डंग, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री आलोक शर्मा, पार्टी की प्रदेश महामंत्री सुश्री कविता पाटीदार, पूर्व मंत्री एवं पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अर्चना चिटनिस, विधायक श्री देवेन्द्र वर्मा, श्री राम डांगोरे, जिलाध्यक्ष श्री मनोज लधवे, वरिष्ठ नेता श्री अनिल भोंसले, श्री हर्षवर्धन सिंह चौहान, श्री विश्वनाथ सहित क्षेत्र के पार्टी नेता और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Share:

Next Post

हैलीकॉप्टर घोटाले में दलाली ली या नहीं, प्रदेश की जनता को जवाब दें कमलनाथ: विष्णुदत्त शर्मा

Sat Oct 16 , 2021
भोपाल। देश के बड़े अखबारों ने पैंडोरा पेपर्स के हवाले से यह खबर प्रकाशित की है कि हैलीकॉप्टर घोटाले में कमलनाथ (Kamal Nath in helicopter scam) और उनके बेटे बकुलनाथ को दलाली (brokerage to bakulnath) मिली है। कमलनाथ का बेटा बकुलनाथ एनआरआई है और इस घोटाले में दुबई से भी दलाली हो रही थी। इस […]