भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ प्रियंका गांधी और मित्र पायलट को उतारेगी कांग्रेस

  • ग्वालियर-चंबल के लिए कांग्रेस ने बनाई रणनीति

भोपाल। प्रदेश में उपचुनाव का ऐलान कभी भी हो सकता है। ऐसे में दोनों दल चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। यहां तक कि उपचुनाव वाले क्षेत्रों में किस नेता की सभाएं होंगी, यह लगभग तय हो गया है। कांग्रेस का फोकस भाजपा से ज्यादा सिंधिया की घेराबंदी पर है। यही वजह है कि सिंधिया के गढ़ समझे जाने ग्वालियर-चंबल में उपचुनाव वाली सीटों पर राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और कांगे्रस महासचिव प्रियंका बाड्रा की सभाएं एवं रोड शो होगा। जब सिंधिया कांग्रेस में थे तब उन्होंने उप्र चुनाव में प्रियंका के साथ मिलकर रोड शो किए थे। अब प्रियंका और पायलट की जोड़ी सिंधिया के खिलाफ सड़क पर उतरेगी। ग्वालियर-चंबल की 16 सीटों के लिए कांग्रेस सिंधिया को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके लिए प्रियंका गांधी भी कांग्रेसी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करती नजर आएंगी। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, प्रियंका गांधी कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगी। उनका ध्यान ग्वालियर-चंबल पर रहेगा। चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद सड़क के रास्ते आगरा से धौलपुर होते हुए मध्यप्रदेश पहुंचेगी। यहां से पहले मुरैना आएंगी। इसके बाद अंबाह, दिमनी, मेहगांव, गौहद और ग्वालियर पूर्व में रोड शो करेंगी। इसके अलावा ग्वालियर, डबरा और भांडेर में रोड शो के साथ ही सभाएं भी करेंगी।

सिंधिया के मित्र पायलट भी सड़क पर उतरेंगे
उपचुनाव में कांग्रेस का फोकस भाजपा नेताओं से ज्यादा सिंधिया पर है। कांग्रेस की कोशिश उपचुनाव में सिंधिाया समर्थकों को हराना है। यही वजह है कि कांग्रेस नेता सिंधिया की घेराबंदी की हर कोशिश में जुटे हैं। प्रियंका गांधी के साथ ही सचिन पायलट को भी प्रचार के लिए लगाया जाएगा। सचिन ज्योतिरादित्य सिंधिया के सबसे अच्छे मित्रों में गिने जाते हैं। राजस्थान में जब सचिन पायलट ने बगावत की थी, तब भी कांग्रेस के कुछ नेताओं ने अंदरखाने सिंधिया पर सचिन को भड़काने के आरोप लगाए थे। हालांकि बाद में सचिन मान गए और पार्टी में वापस आ गए थे।

कांग्रेस में प्रियंका की ज्यादा डिमांड
उपचुनाव में कांग्रेस में मुख्य रूप से प्रियंका गांधी, सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मुख्य चेहरे हैं। सबसे ज्यादा डिमांड प्रियंका गांधी और सचिन पायलट की है। प्रियंका कांग्रेस में सबसे ज्यादा आकर्षित चेहरा है। यही वजह है कि कांग्रेस उपचुनाव में प्रचार के लिए प्रियंका को उतार रही है। जबकि राहुल गांधी के उपचुनाव के लिए कोई कार्यक्रम नहीं है। संभवत: वे कुछ चुनाव क्षेत्रों में सभाएं कर सकते हैं। इसके अलावा यादव बाहुल्य सीट में अरुण यादव को प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। यादव बाहुल्य सीटों पर कांगे्रस ने अरुण यादव के छोटे भाई पूर्व मंत्री सचिन यादव को भेज दिया है। वे मुंगावली, अशोकनगर एवं बड़ा मलहरा सीट पर डेरा डाले हुए हैं। सज्जन वर्मा को भी कुछ सीटों पर ले जाया जाएगा। कुर्मी बाहुल्य क्षेत्र में कमलेश्वर पटेल, साथ ही कुछ जगह पर अजय सिंह और आदिवासी क्षेत्रों की सीट में कांतिलाल भूरिया उम्मीदवार के पक्ष में वोट मांगे।

Share:

Next Post

समाज के विघटनकारी तत्वों को चिन्हित कर कठोर कार्यवाही करें: नरोत्तम मिश्रा

Sat Sep 26 , 2020
भोपाल। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने समाज में जाति, धर्म तथा अन्य आधारों पर वैमनस्य पैदा करने वाले विघटनकारी तत्वों को चिन्हित कर कठोर कार्यवाही के लिये अभियान चलाये जाने की आवश्यकता जताई। वे पुलिस मुख्यालय में अनुसूचित-जाति और अनुसूचित-जनजाति वर्गों के प्रति संवेदनशीलता विषय पर आयोजित दो दिवसीय वेबिनार के समापन अवसर पर […]