पटना। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने लंबे कांग्रेस शासन में पनपे भ्रष्टाचार, वंशवाद और तानाशाही के विरुद्ध व्यवस्था परिवतर्तन की लड़ाई के लिए अपने समय के युवाओं का नेतृत्व किया था। वह आंदोलन केवल सरकार बदलने और पद पाने के लिए नहीं, जनता की सेवा कर सकारात्मक बदलाव के लिए था। उन्होंने कहा कि हमारे जैसे लाखों छात्रों-नौजवानों ने जेपी के आदर्शों को अपना कर संघर्ष किया। जेल गए और फिर सार्वजनिक जीवन में योगदान का संकल्प लिया। दुर्भाग्यवश, लालू प्रसाद जैसे हमारे कुछ साथियों ने सत्ता के लिए न केवल कांग्रेस से हाथ मिलाया, बल्कि भ्रष्टाचार औऱ वंशवाद में डूब कर जेपी के आदर्शों का ही गला दबा दिया।
डिप्टी सीएम मोदी ने कहा कि जेपी ने कभी नहीं सोचा होगा कि उनके आंदोलन से आगे बढ़ा कोई ऐसा व्यक्ति कभी बिहार का मुख्यमंत्री बनेगा, जिसके राज में होने वाले नरसंहारों में दलित और पिछड़ी जातियों के लोग सबसे ज्यादा मारे जाएंगे। आज भी राजद का रवैया वही है। इसलिए राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के चुनाव क्षेत्र राघोपुर में दलितों की झोपड़ी जलायी जाती है। राजद ने 20 उम्मीदवारों का आपराधिक इतिहास जारी कर बता दिया कि अब लोहिया, जेपी से उसका कोई वास्ता नहीं रहा। (एजेंसी, हि.स.)
Share: