
बस्ती। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बस्ती से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को चौंका दिया है। यहां पर एक बेटी ने अपने पिता की प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गमछे से बांधकर नहर में छिपा दिया गया। लेकिन देर शाम पिता के घर नहीं पहुंचने पर भतीजे की तलाश ने इस खौफनाक राज से पर्दा उठा दिया। पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ उनसे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच की जारी है।
करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था
बस्ती में सामने आई इस घटना को लेकर पुलिस के अनुसार छावनी थाना क्षेत्र में 52 साल के कृष्णा की हत्या के मामले में उनकी 17 साल की नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिता इस रिश्ते का विरोध करते थे और 21 अगस्त को गन्ने के खेत में पिता ने बेटी और उसके प्रेमी को साथ देख लिया। आरोप है कि विवाद के बाद दोनों ने मिलकर कृष्णा पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद बेटी और उसके प्रेमी पर शव को नहर में छिपाने का भी आरोप है। फिलहाल पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र का रमवापुर गांव जहां एक पिता की हत्या ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। मृतक कृष्णा मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे और पुलिस के अनुसार उनकी 17 साल की बेटी दुर्गा उर्फ लाडली का पड़ोसी गांव बभरौली निवासी लक्ष्मण से करीब पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
भतीजे की तलाश में खुला इस घटना से पर्दा
इस घटना को लेकर बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले कृष्णा ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था और बेटी को समझाया था। उन्होंने बेटी की शादी करने की बात भी कही थी, लेकिन नाबालिग होने के कारण शादी नहीं हो पा रही थी। 21 अगस्त को बेटी अपने प्रेमी से मिलने उसके घर गई थी और शाम के समय दोनों बभरौली गांव के पास कब्रिस्तान के नजदीक गन्ने के खेत में मौजूद थे। इसी दौरान कृष्णा बकरी चराते हुए वहां पहुंच गए। आहट होने पर उन्होंने दोनों को देख लिया और विरोध किया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कृष्णा ने लग्गी से लक्ष्मण पर वार किया, लेकिन वह बच गया।
इसके बाद दोनों ने मिलकर कृष्णा पर हमला कर दिया। हसिया लगे लग्गी से कई वार किए जाने से कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद शव को गमछे से बांधकर पास की नहर में छिपा दिया गया। देर शाम तक कृष्णा घर नहीं पहुंचे तो भतीजे अजय ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो अजय ने दुर्गा से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में हत्या का राज सामने आया और बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई। घटना की सूचना मिलते ही छावनी और दुबौलिया पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved