इंदौर न्यूज़ (Indore News)

इंदौर में छाया घना कोहरा, दृश्यता 2 हजार मीटर से घटकर रह गई मात्र 400 मीटर

  • सवा घंटे बंद रहा हवाई यातायात, सुबह की 16 से ज्यादा उड़ानें लेट

इंदौर। शहर में पिछले कुछ दिनों से बिगड़े मौसम में अब कोहरा भी जुड़ गया है। आज सुबह शहर कोहरे की चादर ओढ़े नजर आया। कोहरा इतना घना था कि आमतौर पर सुबह दो से ढाई हजार मीटर तक रहने वाली दृश्यता घटकर सिर्फ 400 मीटर रह
गई थी। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह 6.10 बजे तक मौसम ठीक था, हलका कोहरा था। इसके बाद अचानक घना कोहरा छाने लगा और दृश्यता कम होने लगी। आज मार्निंग वाक पर गए लोगों ने इस कोहरे के नजारे का जहां आनंद लिया, वहीं गुजरते वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 6 बजे तक वाहन अपनी लाइट जलाकर चलते नजर आए। सुबह आठ बजे तक सूरज के भी दर्शन नहीं हो पा रहे थे। इसके बाद धीरे-धीरे धुंध हटना चालू हुई और सडक़ों पर रोशनी नजर आई। ठंड के मौसम के चलते अब यह दृश्य आम हो सकते हैं, लेकिन शहर में पहली बार छाए कोहरे का आनंद लोगों ने लिया।

शहर में ठंड का मौसम अब नजर आने लगा है। लोगों ने अपने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। आज सुबह कोहरे के नजारे के चलते यातायात जहां प्रभावित हुआ, वहीं ट्रेनें भी धीमी चलीं, हालांकि ट्रेनें अपने गंतव्य तक तो समय पर पहुंची लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से सुबह-सुबह टे्रनों की गति नियंत्रित रखी गई उधर कलेक्टर द्वारा कल स्कूली बच्चों को राहत देकर देर से स्कूल खोलने की घोषणा के बाद परिजनों को भी कोहरा छंटने के बाद ही बच्चों को छोडऩे जाना पड़ा। मार्निंग वाक पर निकले लोग भी कोहरे का आनंद लेते नजर आए। वैसे ठंड के कारण कई मार्निंग वाक के ठीए देर से ही आबाद हुए, वहीं आज सुबह खजराना गणेश मंदिर पर भी भक्त देरी से पहुंचे। ठंड के मौसम की शुरुआत होते ही अब निगम द्वारा अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू की जाएगी, वहीं फुटपाथ पर सोने वाले लोगों को रैन बसेरों में पहुंचाया जाएगा, वहीं अब दानदाताओं द्वारा इन्हीं फुटपाथ पर सोने वाले लोगों को कम्बल मुहैया कराए जाएंगे। हालांकि अभी तो आज सुबह छाया कोहरा नियंत्रित नजर आया और 400 मीटर तक की विजिबिलिटी उपलब्ध थी, लेकिन समय बढऩे के साथ में कोहरा और गहरा सकता है।


घने कोहरे के चलते सुबह विमानों को उडऩे और उतरने की अनुमति तक नहीं मिल पाई और करीब सवा घंटे हवाई यातायात लगभग बंद रहा। इसके कारण सुबह आने और जाने वाली 16 से ज्यादा उड़ानें एक से दो घंटे लेट रहीं। उड़ानों के लेट होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि दृश्यता 900 मीटर से कम होने पर उड़ानों का संचालन रोक दिया जाता है, जबकि विमानतल के अनुसार दृश्यता मात्र 400 मीटर रह गई थी। इसके चलते एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने इंदौर से आने वाली सभी उड़ानों को कोहरे की जानकारी देते हुए मौसम साफ होने तक इंतजार करने के निर्देश दिए। वहीं जाने वाली उड़ानों को भी रोक दिया गया।

सवा घंटे बंद रहा हवाई यातायात, हवा में चक्कर लगाते रहे विमान
इंदौर से उड़ानों की आवाजाही सुबह 5 बजे से ही शुरू हो जाती है। आज सुबह भी इंदौर से 5.37 बजे, 5.40 बजे और 6.09 बजे तक विमान रवाना हुए। इसके बाद अचानक घना कोहरा छाने और दृश्यता कम हो जाने के कारण हवाई यातायात को रोक दिया गया। मौसम साफ होने और दृश्यता 1000 मीटर से ज्यादा होने के बाद 7.28 बजे से दोबारा उड़ानों को संचालन की अनुमति दी गई। इस बीच हवाई यातायात पूरी तरह बंद ही रहा। इस बीच जो विमान इंदौर पहुंच चुके थे वे हवा में ही चक्कर लगाते हुए मौसम साफ होने का इंतजार करते रहे। इनमें सवार यात्री घबराहट में थे।

ये उड़ानें हुईं लेट

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह इंदौर आने वाली उड़ानों में अहमदाबाद से 6.15 बजे आने वाली फ्लाइट 7.55 बजे आई। 6.25 बजे दिल्ली से आने वाली फ्लाइट 8 बजे आई। 7 बजे जयपुर से आने वाली फ्लाइट 7.50 बजे उतर सकी। 7.10 बजे हैदराबाद से आने वाली फ्लाइट 8.10 बजे आई। 8.05 बजे मुंबई से आने वाली फ्लाइट 9.10 बजे आई। इसी तरह जाने वाली उड़ानों में 6.25 बजे लखनऊ जाने वाला विमान 7.28 बजे रवाना हुआ। 6.25 बजे अहमदाबाद जाने वाला विमान 8.32 बजे गया। 6.45 बजे नासिक जाने वाला विमान 7.35 बजे गया। 6.50 बजे राजकोट जाने वाला विमान 8 बजे जा पाया। 6.55 बजे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 8.53 बजे रवाना हुई। 7.10 बजे जबलपुर जाने वाला विमान 8.35 बजे रवाना हुआ। 7.20 बजे जयपुर जाने वाला विमान 8.27 बजे गया। 7.40 बजे हैदराबाद जाने वाला विमान 9.11 बजे रवाना हुआ। 8.05 बजे दिल्ली जाने वाला विमान 8.50 बजे रवाना हुआ, वहीं 8.35 बजे मुंबई जाने वाला विमान 9.35 बजे रवाना हुआ। सुबह उड़ानों के लेट होने के कारण दिनभर इनका शेड्यूल गड़बड़ रहेगा और रात तक की उड़ानें लेट होने का अंदेशा है।

Share:

Next Post

इन्दौर में आज, कल और परसों भी बारिश के आसार, यलो अलर्ट बरकरार

Wed Nov 29 , 2023
– ठंड के साथ वर्षा का भी आनंद लेंगे शहरवासी – आज से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, अगले कुछ दिन बिगड़ा रहेगा मौसम – दिन का पारा सामान्य से 5 डिग्री नीचे, रात का 4 डिग्री ऊपर इंदौर। इंदौर सहित प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से बिगड़ा मौसम अभी कुछ दिन बिगड़ा […]