
बागली। देवास जिले (Dewas district) के कांटाफोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत करीब 40 वर्षीय बस चालक कमल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक का शव सड़क किनारे नग्न अवस्था में मिला, जिसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट कर हत्या किए जाने की गंभीर आशंका व्यक्त की है।
बस खड़ी कर गांव लौट रहा था चालक
जानकारी के अनुसार, कमल पिछले करीब 20-25 वर्षों से बस चलाने का काम करता था और कांटाफोड़ से बस लेकर रातड़ी पहुंचा था। वहां बस खड़ी करने के बाद वह देर रात अपनी मोटरसाइकिल से अपने गांव इकलेरा लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब 12 बजे के बाद उमर और इकलेरा के बीच स्थित घाटी वाले बाबा मंदिर के पास सड़क किनारे उसका शव पड़ा मिला।
नग्न अवस्था में मिला शव, एफएसएल टीम ने की जांच
ग्रामीणों के मुताबिक, शव नग्न अवस्था में था और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कांटाफोड़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सुबह पोस्टमार्टम कराया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दोपहर में एफएसएल (FSL) की फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय लोगों के अनुसार कमल एक बेहद शांत और अच्छा व्यक्ति था, जिसकी किसी से रंजिश की बात सामने नहीं आई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और आगे की जांच के बाद ही हो सकेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved