
खंडवा। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की खंडवा विधायक (Khandwa MLA) ने निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सख्ती दिखाई है। ग्राम पंचायत सचिव का मोबाइल बंद मिलने पर वह भड़क उठीं। विधायक ने कहा कि हमारा मोबाइल 24 घंटे जनता के लिए चालू रहता है। वहीं उन्होंने बाउंड्रीवाल की जांच और सचिव के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए है।
दरअसल, खंडवा विधायक कंचन तनवे (Khandwa MLA Kanchan Tanve) ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर पीपलकोटा में निरीक्षण किया। करीब एक माह पहले भूमिपूजन के बावजूद सीसी रोड का काम शुरू नहीं होने पर उन्होंने अधिकारी को जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। स्कूल परिसर की बाउंड्रीवाल रिकॉर्ड में पूर्ण दर्शाई गई, लेकिन मौके पर अधूरी मिली। गुणवत्ता पर भी विधायक ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारी को जांच कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत सचिव का मोबाइल बंद मिलने पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हमारा मोबाइल 24 घंटे जनता के लिए चालू रहता है। उन्होंने सचिव के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved