
डेस्क: यदि आप ऑनलाइन शॉपिंग में भारी डिस्काउंट देखकर तुरंत ऑर्डर कर देते हैं तो यह गलती आपको महंगी पड़ सकती है. उपभोक्ता मामलों के विभाग ने लोगों को सावधान करते हुए बताया है कि कई ई कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर छिपे हुए शुल्क यानी हिडन चार्जेस बाद में जुड़ जाते हैं, जिससे अंतिम बिल उम्मीद से ज्यादा हो जाता है. “जागो ग्राहक जागो” अभियान के तहत जारी पोस्ट में लोगों से कहा गया है कि किसी भी ऑफर का फायदा उठाने से पहले उसकी सभी टर्म्स एंड कंडीशंस जरूर पढ़ें. अगर किसी प्लेटफॉर्म से मदद नहीं मिलती है तो राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन 1915 पर शिकायत की जा सकती है.
उपभोक्ता मामलों के विभाग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल “जागो ग्राहक जागो” के जरिए लोगों को जागरूक करने की कोशिश की है. विभाग ने बताया कि ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान कई ग्राहक केवल भारी डिस्काउंट देखकर तुरंत ऑर्डर कर देते हैं, लेकिन बाद में डिलीवरी चार्ज, प्लेटफॉर्म फीस, टैक्स या अन्य अतिरिक्त शुल्क जुड़ने से अंतिम बिल काफी ज्यादा हो जाता है. पोस्ट में यह भी समझाया गया कि कई बार ग्राहक ऑफर की शर्तों को ठीक से नहीं पढ़ते, जिससे उन्हें बाद में परेशानी उठानी पड़ती है. सरकार ने लोगों से अपील की है कि खरीदारी से पहले सभी नियम और शर्तों को ध्यान से पढ़ें ताकि किसी तरह के आर्थिक नुकसान से बचा जा सके.
विभाग ने साफ कहा है कि अगर किसी ई कॉमर्स प्लेटफॉर्म से ग्राहक को सही सहायता नहीं मिलती है तो वह सीधे राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन यानी एनसीएच से संपर्क कर सकता है. उपभोक्ता 1915 नंबर पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 8800001915 पर मैसेज भेजकर भी मदद ली जा सकती है. सरकार का कहना है कि कई मामलों में ग्राहक प्लेटफॉर्म से जवाब नहीं मिलने पर परेशान हो जाते हैं, लेकिन अब उनके पास शिकायत दर्ज कराने का आसान विकल्प मौजूद है. राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान कराने में मदद करती है और जरूरत पड़ने पर संबंधित कंपनी से भी संपर्क करती है.
“जागो ग्राहक जागो” अभियान के जरिए सरकार लगातार लोगों को जागरूक करने की कोशिश कर रही है. इस बार जारी संदेश में साफ कहा गया कि समझदार ग्राहक वही है जो केवल डिस्काउंट देखकर फैसला नहीं करता बल्कि हर छोटी जानकारी को ध्यान से पढ़ता है. विभाग ने लोगों से ऑनलाइन पेमेंट करने से पहले फाइनल बिल जरूर जांचने की अपील की है. साथ ही यह भी कहा गया कि अगर किसी ऑफर में कुछ ज्यादा आकर्षक दिख रहा हो तो उसकी शर्तों को समझना और भी जरूरी हो जाता है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved