
जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में शराब के नशे में धुत युवकों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक्सीडेंट का मामला लेकर अस्पताल पहुंचे युवकों ने पहले डॉक्टरों के साथ बदसलूकी की। जब सुरक्षा में तैनात गार्ड ने उन्हें रोककर बाहर किया, तो उन्होंने ड्यूटी खत्म कर घर जा रहे गार्ड को रास्ते में घेरकर गाली-गलौज की और मारपीट कर दी।
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पीडि़त गार्ड चंदन सिंह के मुताबिक, रामपुर क्षेत्र के कुछ लोग दुर्घटना के एक मामले में मेडिकल अस्पताल पहुंचे थे। उनके साथ आए कुछ युवक शराब के नशे में धुत थे और डॉक्टरों के साथ बदसलूकी करने लगे। स्थिति बिगडऩे पर गार्ड ने उन्हें रोकने और अस्पताल परिसर से बाहर करने की कार्रवाई की।
ड्यूटी खत्म होते ही बनाया निशाना
आरोप है कि सुबह ड्यूटी खत्म कर जब चंदन सिंह घर जा रहे थे, तभी नशे में धुत युवक उन्हें बाहर मिल गए। युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट की। अस्पताल में डॉक्टरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले गार्ड के साथ हुई इस घटना ने ड्यूटी के दौरान और ड्यूटी के बाद सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को जांच में लिया। अब पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। आरोपियों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर बनी हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved