मुंबई। दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क (Elon Musk) की संपत्ति (Property) में इस साल जबरदस्त तेजी आई है। 2026 के शुरुआती नौ महीनों में उनकी दौलत औसतन करीब ₹10,900 करोड़ प्रतिदिन बढ़ी। सोमवार को भी उनकी संपत्ति में 62.6 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। 6.8 प्रतिशत की इस बढ़ोतरी के बाद उनकी कुल संपत्ति बढ़कर 977 अरब डॉलर हो गई।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, डॉलर के लिहाज से यह 12 अगस्त के बाद एक दिन में मस्क की संपत्ति में हुई सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। यदि 2026 के पहले नौ महीनों में उनकी संपत्ति में हुई कुल वृद्धि को घंटे के हिसाब से बांटा जाए तो यह करीब ₹454 करोड़ प्रति घंटे बैठती है। यानी औसतन हर घंटे उनकी संपत्ति में 454 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई।
मस्क की एक घंटे की औसत संपत्ति वृद्धि को भारतीय संदर्भ में देखें तो ₹454 करोड़ की रकम से कई बड़े विकास कार्य किए जा सकते हैं।
एक अनुमान के मुताबिक, इतनी राशि से करीब 405 किलोमीटर ग्रामीण सड़क बनाई जा सकती है। इसके अलावा लगभग 31 केंद्रीय विद्यालयों के भवन तैयार किए जा सकते हैं। वहीं 10 करोड़ रुपये की लागत वाले करीब 45 छोटे या मध्यम अस्पताल भी बनाए जा सकते हैं।
सितंबर के अंत तक एलन मस्क की संपत्ति में इस साल करीब 310 अरब डॉलर, यानी लगभग 29.85 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी थी। ब्लूमबर्ग इंडेक्स में शामिल अरबपतियों की कुल संपत्ति में हुई वृद्धि का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा अकेले मस्क की संपत्ति में बढ़ोतरी से आया।
SpaceX और उनकी AI कंपनी xAI के विलय के बाद मस्क कुछ समय के लिए दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर भी बने।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों में शामिल करीब 100 टेक अरबपतियों की संयुक्त संपत्ति 30 सितंबर तक इस साल 845 अरब डॉलर बढ़ चुकी थी। किसी भी वर्ष के पहले नौ महीनों में यह अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है।
AI क्षेत्र में आई तेजी और अमेरिकी टेक कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त उछाल इसका प्रमुख कारण रहा। टेक अरबपतियों की कुल संपत्ति अब करीब 4.6 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई है। यह ब्लूमबर्ग इंडेक्स में शामिल सभी अरबपतियों की कुल संपत्ति का लगभग 36 प्रतिशत है, जबकि टेक अरबपति इंडेक्स के सदस्यों का करीब पांचवां हिस्सा ही हैं।
इसके उलट टेक्नोलॉजी क्षेत्र से बाहर के अरबपतियों की संयुक्त संपत्ति में इसी अवधि में 62 अरब डॉलर की कमी आई।
10 सितंबर के बाद दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों की सूची में सभी 10 व्यक्ति अमेरिकी रहे। ब्लूमबर्ग ने 2012 में अरबपतियों की रैंकिंग शुरू की थी और उसके बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि टॉप-10 में सभी अमेरिकी शामिल हैं।
इन 10 में से नौ अरबपतियों की संपत्ति अमेरिकी टेक कंपनियों से जुड़ी हुई है। इससे इस साल वैश्विक अरबपति संपत्ति में अमेरिकी टेक सेक्टर के बढ़ते प्रभाव का भी पता चलता है।
टेक सेक्टर के अन्य अरबपतियों की संपत्ति में भी तेज बढ़ोतरी हुई है। डेल टेक्नोलॉजीज के संस्थापक माइकल डेल की संपत्ति इस साल 81 प्रतिशत बढ़कर 254 अरब डॉलर पहुंच गई।
वहीं, मेटा प्लेटफॉर्म्स के शेयरों में तेजी का फायदा मार्क जुकरबर्ग को भी मिला। उनकी संपत्ति में इस साल करीब 23 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved